Edited By Vatika,Updated: 14 Oct, 2026 09:36 AM

मॉडल टाउन में धार्मिक स्थल पर दिनदहाड़े वारदात:
लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी के बाहर से दिनदहाड़े चोरी की एक शर्मनाक वारदात सामने आई है। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने पहुंची एक महिला मेकअप आर्टिस्ट और उनकी सहेली को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर ने पार्किंग में खड़ी उनकी एक्टिवा का लॉक तोड़ डाला और डिक्की के भीतर रखे दो लेडीज पर्स चुराकर रफूचक्कर हो गया। चोरी का यह पूरा घटनाक्रम पार्किंग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें आरोपी की करतूत साफ नजर आ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर की जानी-मानी मेकअप आर्टिस्ट कविता दोपहर करीब 3 बजे अपनी सहेली के साथ मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी में माथा टेकने के लिए आई थीं। उन्होंने अपनी एक्टिवा स्कूटी को गुरुद्वारा साहिब के बाहर निर्धारित पार्किंग एरिया में सुरक्षित खड़ा किया था। दोनों महिलाओं ने अपने कीमती सामान और नकदी से भरे पर्स एक्टिवा की डिक्की के भीतर रखे और लॉक लगाकर गुरुद्वारा परिसर के भीतर चली गईं। कुछ देर बाद जब वे दोनों नतमस्तक होकर बाहर लौटीं, तो एक्टिवा का लॉक टूटा देख उनके होश उड़ गए। डिक्की खोलकर देखने पर दोनों के पर्स नदारद मिले। घटना के तुरंत बाद जब गुरुद्वारा परिसर और पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, तो चोरी की पूरी साजिश बेनकाब हो गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक कंधे पर बैग टांगे पार्किंग क्षेत्र में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोपी ने पहले आसपास खड़े वाहनों और लोगों की गतिविधियों की बारीकी से रेकी की। जैसे ही पार्किंग में चहल-पहल थोड़ी कम हुई, आरोपी तुरंत कविता की एक्टिवा के पास पहुंचा।
शातिर ने किसी औजार या तकनीक से एक्टिवा का लॉक तोड़ा, डिक्की खोली और उसमें रखे दोनों पर्स निकालकर तेजी से अपने बैग में छिपा लिए। इसके बाद आरोपी बड़े इत्मीनान से पैदल ही वहां से भाग निकला। गुरुद्वारा साहिब जैसे पावन धार्मिक स्थल के बाहर दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद संगत और स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मॉडल टाउन जैसे मुख्य और व्यस्त इलाके में भी अगर दिन के समय धार्मिक स्थलों की पार्किंग सुरक्षित नहीं है, तो पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पीड़ित महिलाओं ने तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए। पुलिस ने गुरुद्वारा साहिब और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज में आरोपी का चेहरा काफी हद तक स्पष्ट दिख रहा है। तकनीकी टीमों की मदद से हुलिया ट्रेस कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।