दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने शोरूम में मचाया आतंक, आरी से हमला कर की लूट

Edited By Vatika,Updated: 05 Oct, 2026 04:04 PM

ludhiana robbery

पक्खोवाल रोड स्थित गांव ललतों खेड़ी के पास दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने खेतीबाड़ी विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर

लुधियाना(राज): पक्खोवाल रोड स्थित गांव ललतों खेड़ी के पास दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने खेतीबाड़ी विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर और शारदा एग्रो सर्विस के मालिक डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा (69) पर जानलेवा हमला कर लूटपाट की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे दो शातिर बदमाशों ने गेट अंदर से बंद कर उन्हें बंधक बनाने का प्रयास किया। जब बुजुर्ग डॉ. शारदा ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, तो बदमाशों ने आरी से उनके माथे पर सीधा वार कर दिया।

पिस्तौल दिखाकर 5 हजार और मोबाइल लूटा
आरोपी पिस्तौल के बल पर 5 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल छीनकर एक्टिवा पर फरार हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल पूर्व डिप्टी डायरेक्टर के माथे पर 8 टांके आए हैं। वहीं, वारदात के बाद ललतों पुलिस चौकी के सुस्त रवैये और असंवेदनशील व्यवहार से पीड़ित में भारी रोष है। घटना की जानकारी देते हुए डॉ. मोहिन्द्र कुमार शारदा ने बताया कि वह पक्खोवाल रोड स्थित अपने शोरूम 'शारदा एग्रो सर्विस' में अकेले मौजूद थे। तभी दोपहर के समय दो अज्ञात युव क ग्राहक बनकर शोरूम के अंदर दाखिल हुए और खाद व अन्य कृषि उत्पाद दिखाने को कहा। हालांकि उनका हुलिया देखकर उन्हें थोड़ा संदेह हुआ, लेकिन उन्होंने सामान्य ग्राहक समझकर उन्हें सामान दिखाना शुरू कर दिया। इसी बीच उनके एक परिचित का कर्मचारी वर्मी कंपोस्ट खाद लेने के लिए शोरूम के बाहर पहुंचा और बाहर लगे साइन बोर्ड की वीडियो बनाने लगा। बाहर वीडियो बनती देख दोनों युवकों को शक हो गया कि शायद उनकी रिकॉर्डिंग की जा रही है।


बदमाशों ने गेट लॉक कर बुजुर्ग को बंधक बनाने की कोशिश
जैसे ही बाहर खड़ा कर्मचारी खाद लेकर कुछ दूरी पर गया, दोनों बदमाशों ने तुरंत शोरूम के मुख्य शीशे वाले गेट को अंदर से लॉक करना शुरू कर दिया। डॉ. शारदा ने जब आगे बढ़कर गेट बंद करने का कड़ा विरोध किया, तो दोनों बदमाश अचानक हिंसक हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक बदमाश ने दूसरे से चिल्लाकर कहा, "इसे तार से बांध दो।" इससे स्पष्ट हो गया कि बदमाश उन्हें बंधक बनाकर शोरूम में बड़े स्तर पर लूटपाट की योजना बनाकर आए थे। 69 वर्षीय बुजुर्ग डॉ. शारदा ने घबराने की बजाय बहादुरी दिखाते हुए दोनों बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। इस हाथापाई के दौरान एक बदमाश ने हाथ में पकड़ी लोहे काटने वाली आरी से सीधे उनके माथे पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे उनके सिर से खून का फव्वारा फूट पड़ा।

CCTV की तारें काटीं, DVR छोड़कर भागे बदमाश
शोरूम में लगे सुरक्षा कैमरों से बचने के लिए शातिर बदमाशों ने सीसीटीवी (CCTV) की तारें तक काट डालीं। डॉ. शारदा के लगातार शोर मचाने और कड़े प्रतिरोध से घबराए बदमाश ज्यादा देर टिक नहीं सके। भागते समय हड़बड़ाहट में बदमाशों के हाथ से सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) और कुछ अन्य सामान वहीं फर्श पर गिर गया। इसके बाद बदमाश गल्ले में रखी करीब 5 हजार रुपये की नकदी और डॉ. शारदा का मोबाइल फोन छीनकर बाहर खड़ी एक्टिवा पर सवार होकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद खून से लथपथ हालत में डॉ. शारदा किसी तरह नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर घाव को देखते हुए उनके माथे पर 8 टांके लगाए।

पीड़ित ने पुलिस चौकी के रवैये पर जताया रोष
उपचार के बाद पीड़ित ने ललतों पुलिस चौकी में जाकर घटना की लिखित शिकायत दी। डॉ. शारदा ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए बताया कि चौकी पहुंचने पर चौकी इंचार्ज का रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित था। वारदात के कई घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने या घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाकर हथियारबंद लुटेरों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!