Edited By Vatika,Updated: 05 Oct, 2026 09:06 AM

महानगर के अति व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र घुमार मंडी में रविवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक
लुधियाना, (राज) : महानगर के अति व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र घुमार मंडी में रविवार दोपहर दिनदहाड़े बाइक सवार बेखौफ झपटमारों ने कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक महिला से पर्स लूटने की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। अपने मासूम बच्चे के साथ शॉपिंग पूरी कर कार में बैठने जा रही महिला को निशाना बनाते हुए लुटेरे उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। छीने गए बैग में करीब 50 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात मौजूद थे।
यह पूरी वारदात पास ही दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीडि़ता रविवार की दोपहर अपने बच्चे के साथ वीकेंड पर खरीदारी करने के लिए घुमार मंडी मुख्य बाजार में आई हुई थी। दोपहर के समय जब वह शॉपिंग खत्म कर बाजार में पार्क की गई अपनी कार की ओर जा रही थी, तभी कवर किंग नामक दुकान के नजदीक पीछे से एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात बदमाश आए। महिला जब तक कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पूरी ताकत से झपट्टा मारकर उसके हाथ में पकड़ा पर्स छीन लिया और चालक ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी। महिला ने बताया कि छीने गए पर्स में करीब 50 हजार रुपये की नकदी के अलावा लाखों रुपये कीमत के सोने के कीमती आभूषण और जरूरी कागजात मौजूद थे। अचानक हुए इस अप्रत्याशित हमले के बावजूद पीडि़ता ने हिम्मत नहीं हारी।
वह अपने बच्चे को संभालते हुए ा शोर मचाकर काफी दूर तक लुटेरों की बाइक के पीछे भागी, लेकिन भीड़भाड़ वाले मोड़ का फायदा उठाते हुए बाइक सवार बदमाश तेजी से कट मारकर फरार होने में कामयाब रहे। घटना के बाद पीडि़ता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। सूचना के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास की दुकानों और शोरूमों के बाहर लगे सुरक्षा कैमरों की फुटेज खंगाली। एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात साफ तौर पर कैद हुई है, जिसमें बाइक सवार बदमाश महिला के करीब आकर झपट्टा मारते और तेजी से भागते दिखाई दे रहे हैं। जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पीडि़ता के बयानों को कलमबद्ध कर लिया गया है और अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को आरोपियों के हुलिए और बाइक के संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं। तकनीकी सेल की मदद से बदमाशों के भागने के रूट और उनकी लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है।