काम दिलाने के बहाने ले जाकर दलित युवक से कुकर्म, Private Part में डाला डंडा

Edited By Vatika,Updated: 23 Oct, 2026 12:16 PM

ludhiana crime news

'परिवार का इकलौता सहारा है बेटा, इलाज तक के पैसे नहीं'; थाना सिटी रायकोट पुलिस ने दर्ज किया केस

लुधियाना/रायकोट (राज): लुधियाना देहाती के रायकोट में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली दरिंदगी की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। मजदूरी का काम दिलाने का झांसा देकर एक मिस्त्री और उसके साथी ने दलित समुदाय से संबंधित एक गरीब युवक को पहले जबरन नशा करवाया और फिर उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार (कुकर्म) किया। दरिंदों की हैवानियत यहीं नहीं थमी; उन्होंने युवक के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी का गोल डंडा डालकर उसे अंदरूनी व बाहरी रूप से गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस अमानवीय कृत्य और जान से मारने की धमकियों के चलते सदमे में आया पीड़ित युवक तीन दिन तक असहनीय पीड़ा सहता रहा और आत्महत्या करने की सोचने लगा। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा मनोचिकित्सक से काउंसलिंग करवाने के बाद पीड़ित ने आपबीती बताई। घटना के करीब 20 दिन बाद थाना सिटी रायकोट की पुलिस ने मुख्य आरोपी नानक सिंह और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

काम दिलाने के बहाने बहन के घर ले गया मिस्त्री, जबरन करवाया नशा
पीड़ित युवक की लाचार मां ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके घर में केवल उसका बेटा ही कमाने वाला है। वह रोजाना दिहाड़ी-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता है। 2 अक्टूबर को मोहल्ला मौलवियां (रायकोट) का रहने वाला मिस्त्री नानक सिंह अपने एक साथी के साथ उनके घर आया और बेटे को काम दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। परिवार को लगा कि वह मजदूरी के सिलसिले में गया है। आरोप है कि नानक सिंह युवक को अपनी बहन के घर ले गया, जहां दोनों आरोपियों ने मिलकर उसे जबरन भारी मात्रा में नशा करवा दिया। नशा इतना अधिक था कि युवक अर्धबेहोशी की हालत में पहुंच गया।

कुकर्म के बाद प्राइवेट पार्ट में डाला डंडा, नाखूनों से नोंचा गला
मां के अनुसार, जब युवक बेसुध हो गया तो आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से कुकर्म किया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आरोपियों ने उसके नाजुक अंग (प्राइवेट पार्ट) में लकड़ी का गोल डंडा घुसा दिया और भारी चोटें पहुंचाईं। युवक के गले पर नाखूनों से खरोंचने के गहरे निशान थे और उसका पूरा गला सूजा हुआ था। वारदात के बाद आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को मुंह खोला तो उसे जान से मार दिया जाएगा। खौफजदा युवक किसी तरह लड़खड़ाते हुए अपने घर पहुंचा।

3 दिन तक तड़पता रहा, लोक-लाज में करना चाहता था आत्महत्या
घर लौटने के बाद युवक डर और घोर शर्मिंदगी के चलते चुपचाप बिस्तर पर पड़ा रहा। उसने दो-तीन दिन तक असहनीय दर्द बर्दाश्त किया। अंदरूनी चोटों के कारण जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया और वह रोने-तड़पने लगा, तब जाकर उसने अपनी मां के सामने रोते हुए पूरी आपबीती बयां की। मां ने बताया कि उनका बेटा इस कृत्य के बाद मानसिक तौर पर पूरी तरह टूट चुका था और बार-बार कह रहा था कि वह अब समाज में किसी को मुंह दिखाने के लायक नहीं रहा और जान दे देगा।

अस्पताल में मनोचिकित्सक से करवाई काउंसलिंग, 13 अक्टूबर को कटी MLR
बेटे की गंभीर हालत देखकर मां 5 अक्टूबर को उसे लेकर तुरंत सरकारी अस्पताल रायकोट पहुंची और उसे दाखिल करवाया।सरकारी अस्पताल रायकोट की डॉक्टर हरनूर कौर ने बताया कि जब मरीज को लाया गया था, तो उसकी हालत काफी नाजुक थी और वह गहरे मानसिक आघात में था। डॉक्टर के अनुसार, फोन के माध्यम से मनोचिकित्सक से उसकी विशेष काउंसलिंग करवाई गई, जिसके बाद उसकी मानसिक स्थिति संभल सकी। डॉक्टर ने बताया कि 13 अक्टूबर को मामले की मेडिकल-लीगल रिपोर्ट (MLR) काटकर पुलिस को भेज दी गई थी। उस समय मरीज बयान देने की हालत में नहीं था, लेकिन स्थिति सुधरने पर पुलिस को उसके विधिवत बयान दर्ज करवाए गए।

'इलाज के भी पैसे नहीं बचे'—रो पड़ी बेबस मां
पीड़ित की मां ने रोते हुए प्रशासन से इंसाफ और मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि परिवार में बेटा ही इकलौता कमाने वाला था, जिसके अस्पताल में भर्ती होने के बाद घर का चूल्हा तक बुझने की नौबत आ गई है। उनके पास बेटे की दवाइयां खरीदने और आगे का इलाज करवाने के लिए पैसे तक नहीं हैं।

मुख्य आरोपी नानक सिंह व साथी पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए रेड: SHO
थाना सिटी रायकोट के एसएचओ (SHO) सुरजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित और उसकी मां के बयानों तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नानक सिंह (निवासी मोहल्ला मौलवियां, रायकोट) तथा उसके एक अन्य अज्ञात साथी के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ ने कहा कि बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों का गठन कर उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और दोनों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!