Edited By Urmila,Updated: 11 Sep, 2026 10:45 AM

एसी कंप्रेसर के आउटर यूनिट को खोलकर कॉपर व एल्युमिनियम चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को शोरूम संचालक ने अपने कर्मचारियों की मदद से रंगे हाथों काबू कर लिया।
लुधियाना (राज): जीटी रोड ग्यासपुरा चौक स्थित एक कार एसेसरी शोरूम के भारी-भरकम एसी कंप्रेसर के आउटर यूनिट को खोलकर कॉपर व एल्युमिनियम चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को शोरूम संचालक ने अपने कर्मचारियों की मदद से रंगे हाथों काबू कर लिया। आरोपी 7/8 सितंबर की रात को भी शोरूम के कंप्रेसर से कीमती पार्ट्स चुरा ले गए थे और 10 सितंबर को दोबारा बचे हुए हिस्से खोलने पहुंचे थे। पकड़े गए दोनों आरोपियों को मौके पर पहुंची पुलिस टीम के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर उनकी औपचारिक गिरफ्तारी डाल दी है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में शोरूम मालिक करण ने बताया कि ग्यासपुरा चौक, जीटी रोड पर उनका कार एसेसरी का बड़ा शोरूम है। बीती 7 और 8 सितंबर की दरमियानी रात कोई अज्ञात चोर शोरूम की पिछली साइड पर लगे 8.50 टन के कैरियर कंपनी के एसी कंप्रेसर का आउटर यूनिट खोलकर उसके अंदर से कीमती कॉपर (तांबा), एल्युमिनियम और कंप्रेसर मशीन चोरी करके ले गया था। 10 सितंबर को शोरूम के अंदर चल रहे एसी अचानक बंद हो गए। जब कूलिंग बंद हुई, तो मालिक अपने कर्मचारियों—भरत भूषण, सरबजीत सिंह मठाड़ू और करनवीर सिंह को साथ लेकर शोरूम की बैक साइड पर एसी कंप्रेसर चेक करने के लिए पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने देखा कि दो संदिग्ध युवक दीवार के सहारे खड़े होकर बाकी बचे एसी कंप्रेसरों को औजारों की मदद से खोल रहे थे।
मालिक और कर्मचारियों ने बिना कोई शोर मचाए तुरंत दोनों युवकों की घेराबंदी की और उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े जाने के बाद जब उनसे नाम व पता पूछा गया, तो आरोपियों की पहचान बाल मुकंद और पवन के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि 7 सितंबर को भी उन्होंने ही आउटर यूनिट खोलकर कॉपर और कंप्रेसर मशीन चोरी की थी और अब वे बाकी सामान समेटने के लिए दोबारा आए थे। घटना की तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस पार्टी ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुद्दई के बयानों के आधार पर आरोपी बाल मुकंद और पवन के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से रिमांड के दौरान यह पूछताछ कर रही है कि उन्होंने 7 सितंबर को चोरी किया गया तांबा व कंप्रेसर मशीन किस कबाड़ी या व्यापारी को बेची थी, ताकि चोरीशुदा माल की शत-प्रतिशत रिकवरी की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here