Edited By Kalash,Updated: 08 Sep, 2026 11:10 AM

विदेश में पक्की (पीआर) युवती से शादी रचाकर विदेश जाने और वहां पहुंचते ही पत्नी को बेसहारा छोड़कर जेवरात व नकदी हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): विदेश में पक्की (पीआर) युवती से शादी रचाकर विदेश जाने और वहां पहुंचते ही पत्नी को बेसहारा छोड़कर जेवरात व नकदी हड़पने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस कमिश्नर कार्यालय में दी गई शिकायत की विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति अमृतपाल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता इकबाल सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रमनप्रीत कौर ग्रेवाल की शादी दिसंबर 2016 में अमृतपाल सिंह के साथ पूरे रीति-रिवाजों से संपन्न हुई थी। शादी के समय रमनप्रीत कौर पोलैंड में पीआर थी। शादी के बाद वह अपने पति अमृतपाल सिंह को भी कानूनी प्रक्रिया पूरी करवाकर अपने साथ पोलैंड ले गई थी। उसका आरोप है कि विदेश की धरती पर कदम रखते ही आरोपी अमृतपाल सिंह के तेवर पूरी तरह बदल गए। उसने सोची-समझी साजिश के तहत पोलैंड पहुंचते ही रमनप्रीत कौर को अकेला छोड़ दिया और पोलैंड में ही किसी अन्य स्थान पर अलग जाकर रहने लगा। वह कभी भी पत्नी के पास वापस नहीं लौटा।
पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने आपस में मिलीभगत और हम-मशवरा करके केवल विदेश जाने के मकसद से उनकी बेटी से शादी रचाई थी। शादी के दौरान आरोपी पक्ष को दिया गया भारी मात्रा में सोने के गहने और शादी व विदेश भेजने पर खर्च की गई मोटी रकम भी आरोपियों ने वापस नहीं लौटाई। लड़की का जीवन बर्बाद करने और लाखों रुपये का स्त्रीधन व खर्च हड़पने के बाद आरोपियों ने परिवार के साथ सीधा धोखा किया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आर्थिक अपराध व महिला सेल द्वारा की गई लंबी पड़ताल में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए। पुलिस ने आरोपी अमृतपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, साजिश और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here