लुधियाना में शातिर चोरों का कारनामा, रातों-रात गायब कर दी PRTC की हाई-टेक टॉप मॉडल बस

Edited By Kalash,Updated: 06 Sep, 2026 11:58 AM

ludhiana prtc bus stolen from bus stand

महानगर में बेखौफ घूम रहे शातिर चोरों ने इस बार किसी फिल्मी पटकथा की तर्ज पर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है।

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे शातिर चोरों ने इस बार किसी फिल्मी पटकथा की तर्ज पर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। बस स्टैंड डिपो के बिल्कुल सामने स्थित पार्किंग से चोरों ने पीआरटीसी की एक हाई-टेक टॉप मॉडल बस ही गायब कर दी। अगली सुबह यह बस शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर गांव ढट्ट के पास ईंटों के सहारे खड़ी बरामद हुई। शातिर चोरों ने बड़ी तसल्ली से बस के सारे टायर, बैटरियां और अन्य कीमती कलपुर्जे निकाल लिए और सबूत मिटाने के लिए बस में लगे कैमरे भी साथ ले गए। इस चोरी से बस मालिक को करीब 7 से 8 लाख रुपये का भारी वित्तीय नुकसान हुआ है।

सीसीटीवी में कैद हुई 2 घंटे की रेकी, फिर निकाला वाहन 

पार्किंग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पूरी वारदात का खुलासा हुआ। बस के ड्राइवर ने बताया कि 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप पार्किंग के पास आकर रुकी, जिसमें 7 से 8 संदिग्ध युवक सवार थे। शातिर गिरोह ने करीब 2 घंटे तक वहीं बैठकर पूरे इलाके और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की। रात करीब 2:20 बजे, जब सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर गया, आरोपी पार्किंग के अंदर दाखिल हुए और बस को बाहर निकाल लिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पार्किंग के गेट पर न तो कोई आधिकारिक एंट्री हुई और न ही किसी सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोकने-टोकने की जहमत उठाई।

ऑटो और स्कूटी ने किया एस्कॉर्ट, वायरिंग डायरेक्ट कर ले उड़े 

सीसीटीवी में आगे देखा गया कि बस जैसे ही जगराओं पुल के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद एक ऑटो और एक स्कूटी बस के आगे-आगे एस्कॉर्ट की तरह चलने लगे और बस को सुरक्षित शहर से बाहर निकाल ले गए। वारदात की शिकार बस कोई सामान्य गाड़ी नहीं बल्कि BS-VI (Phase 2-6) टॉप मॉडल बस थी। जानकारों के अनुसार, इस हाई-टेक गाड़ी का सिस्टम इतना एडवांस होता है कि इसे कोई आम चोर बिना चाबी के स्टार्ट नहीं कर सकता। चोरों ने स्टार्टिंग स्विच की तारों को काटकर सीधे डायरेक्ट स्टार्ट किया। इससे साफ अंदेशा जताया जा रहा है कि वारदात में किसी तकनीकी जानकार या पार्किंग से जुड़े किसी अंदरूनी 'भेदी' का हाथ है, जिसे बस की वायरिंग और सिस्टम की गहरी समझ थी।

गांव ढट्ट के पास ईंटों पर टिकी मिली बस, लाखों का सामान साफ 

अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब ड्राइवर अपनी नियमित ड्यूटी पर पहुंचा, तो पार्किंग में बस न देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में पुलिस और ट्रांसपोर्ट महकमे को सूचित कर तलाश शुरू की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद सूचना मिली कि चौकीमान टोल प्लाजा से करीब 2 किलोमीटर पीछे, गांव ढट्ट के पास एक बस लावारिस खड़ी है। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो बस ईंटों के सहारे टिकी हुई थी। चोरों ने उसके सभी टायर, दोनों बड़ी बैटरियां और वायरिंग का सामान बड़े इत्मीनान से खोल लिया था। अपनी पहचान छुपाने के लिए आरोपी बस के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और रिकॉर्डिंग उपकरण भी तोड़कर साथ ले गए।

थाने के चक्कर काट रहे पीड़ित, पुलिस के हाथ अब तक खाली 

वारदात के बाद से परेशान पीआरटीसी स्टाफ और पीड़ित बस मालिक इंसाफ के लिए थाना डिवीजन नंबर 5 के चक्कर काट रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे ट्रांसपोर्टरों में भारी रोष पाया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!