Edited By Urmila,Updated: 11 Sep, 2026 03:30 PM

महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और हथियारबंद बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और हथियारबंद बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। न्यू चंदर नगर की नाले वाली रोड पर आधी रात को तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 9 हथियारबंद बदमाशों ने सरेराह नंगी तलवारें लहराते हुए दो राहगीरों को घेर लिया और हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। जान बचाने के लिए एक युवक मौके से भागा तो बदमाश तलवार लेकर उसके पीछे दौड़े, जबकि दूसरे युवक को घेरकर उसकी जेब से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया गया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस चौकी जगतपुरी की टीम ने फुटेज के आधार पर अज्ञात लुटेरों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
घटना करीब दो दिन पहले देर रात लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। न्यू चंदर नगर की नाले वाली रोड से दो राहगीर अपने हाथ में खाने के सामान का लिफाफा लिए पैदल गुजर रहे थे। सड़क सुनसान होने का फायदा उठाते हुए अचानक 3 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हथियारबंद युवक वहां आ धमके। बदमाशों ने दोनों राहगीरों के आगे-पीछे अपनी मोटरसाइकिलें लगाकर उन्हें घेर लिया और हाथों में लहराती तेजधार नंगी तलवारें निकाल लीं। बदमाशों के हाथों में चमकती तलवारें और उनका आक्रामक रुख देखकर एक राहगीर बुरी तरह घबरा गया और अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर उल्टे पांव दौड़ पड़ा। उसे भागता देख एक लुटेरा हाथ में नंगी तलवार ताने उसके पीछे भागा।
वहीं दूसरी तरफ, बाकी बदमाशों ने दूसरे राहगीर को चारों तरफ से घेरकर उसकी गर्दन पर तलवार अड़ा दी। बदमाशों ने जबरन उसकी जेबों की तलाशी ली और पर्स से नकदी व उसका कीमती मोबाइल फोन छीन लिया। राहगीर को जान से मारने की धमकी देकर दहशत फैलाते हुए सभी 9 बदमाश अपनी बाइकों पर सवार होकर नाले वाली रोड से फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की, तो रात 1 बजे हुई इस पूरी वारदात का वीडियो सामने आ गया। फुटेज में साफ तौर पर 3 बाइकों पर सवार 9 बदमाश हाथों में नंगी तलवारें लहराते और दोनों राहगीरों को घेरकर लूटपाट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके के बाशिंदों में खौफ का माहौल बना हुआ है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस चौकी जगतपुरी के इंचार्ज सुखजिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई भी पीड़ित औपचारिक शिकायत दर्ज करवाने सामने नहीं आया है। चौकी इंचार्ज ने स्पष्ट किया कि पुलिस शिकायतकर्ता के आने का इंतजार किए बिना अपने स्तर पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के हुलिए, बाइकों के नंबर और भागने की दिशा की गहन पड़ताल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और रात के समय तलवारों के दम पर आतंक फैलाने वाले इन सभी बदमाशों को जल्द ही ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here