Edited By Vatika,Updated: 02 Sep, 2026 10:47 AM

फिरोजपुर रोड पुल के नजदीक सरेआम लूटपाट और फिल्मी अंदाज में भागने का एक बेहद अजीबोगरीब
लुधियाना (राज): फिरोजपुर रोड पुल के नजदीक सरेआम लूटपाट और फिल्मी अंदाज में भागने का एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां शातिर लुटेरों ने पहले एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए उनका पर्स और मोटरसाइकिल लूट ली। इसके बाद जब राहगीरों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो भागते वक्त लुटेरों की लूटी हुई बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
खुद को घिरता देख बेखौफ बदमाश मौके पर एक अन्य राहगीर की एक्टिवा छीनकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित 60 वर्षीय बुजुर्ग फिरोजपुर रोड पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे अज्ञात लुटेरों ने उन्हें जबरन रोक लिया। बदमाशों ने बुजुर्ग को धमकाते हुए उनका पर्स छीन लिया और साथ ही उनकी मोटरसाइकिल भी छीनकर मौके से फरार होने लगे। इस वारदात को देखकर आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाते हुए लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। लोगों को पीछे आता देख हड़बड़ाहट में लुटेरे बाइक पर से नियंत्रण खो बैठे और लूटी हुई मोटरसाइकिल आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मोटरसाइकिल गिरने के बाद जब लोगों ने उन्हें चारों तरफ से घेरने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने मौके पर मौजूद एक अन्य राहगीर पर धावा बोल दिया। पकड़े जाने के खौफ में लुटेरे उस राहगीर की एक्टिवा जबरन छीनकर उस पर सवार हुए और तेज रफ्तार में फरार होने में कामयाब रहे। सरेराह हुई इस दोहरी वारदात के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी है।