चिट्टे के लिए 30 हजार नहीं मिले तो दामाद बना हैवान, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Edited By Kalash,Updated: 10 Sep, 2026 12:37 PM

attack on family for drugs

महानगर के भामा रोड स्थित सुखदेव नगर में नशे की लत में अंधे हुए एक दामाद द्वारा अपनी ही पत्नी और सास पर लोहे के भारी सरिए से जानलेवा हमला करने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है।

लुधियाना (राज): महानगर के भामा रोड स्थित सुखदेव नगर में नशे की लत में अंधे हुए एक दामाद द्वारा अपनी ही पत्नी और सास पर लोहे के भारी सरिए से जानलेवा हमला करने का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी 'चिट्टे' का नशा करने के लिए परिवार से 30 हजार रुपये की मांग कर रहा था। जब ससुराल पक्ष ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो उसने घर के दरवाजे तोड़ डाले और पत्नी व सास पर सरिए से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। यह पूरी खूनी वारदात पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

पीड़ित सास परमजीत कौर ने बताया कि उनकी बेटी हरजीत कौर की शादी करीब 7 साल पहले गुरविंदर सिंह के साथ हुई थी और उनकी एक 6 साल की मासूम बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, गुरविंदर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। कुछ साल पहले उसने एक महिला की हत्या कर दी थी, जिसके जुर्म में वह 4 साल तक जेल में बंद रहा। इसी साल अप्रैल महीने में वह अदालत से जमानत पर जेल से बाहर आया था। बाहर आने के बाद वह ससुराल में ही आकर रहने लगा, जहां उसने 'चिट्टे' और नशीले कैप्सूलों का गंभीर नशा करना शुरू कर दिया। पीड़ित पत्नी हरजीत कौर ने बताया कि जेल से आने के बाद गुरविंदर रोज नशे के कैप्सूल खरीदने के लिए ₹500 की मांग करता था। इसी बीच 10 अगस्त को उसने चिट्टा खरीदने के लिए एकमुश्त ₹30,000 की मांग रख दी। परिवार की आर्थिक स्थिति और उसकी नशे की लत को देखते हुए जब परिजनों ने इतनी बड़ी रकम देने से साफ मना कर दिया, तो वह आगबबूला हो गया और घर में गाली-गलौज व धमकियां देने लगा।

सास परमजीत कौर के अनुसार, 2 सितंबर को आरोपी ने गुस्से में आकर घर के मुख्य दरवाजे तोड़ दिए। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी गुरविंदर अपनी गाड़ी से हाथ में लोहे का भारी सरिया लेकर बाहर निकलता है। उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपनी पत्नी हरजीत कौर पर सरिए से लगातार करीब 5 बार बेरहमी से वार किए, जिससे उसके सीने और बांह पर गंभीर चोटें आईं और हड्डियां चोटिल हो गईं। जब सास परमजीत कौर अपनी बेटी को बचाने के लिए बीच में आई, तो आरोपी ने उन पर भी सरिए से जोरदार हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। जाते-जाते उसने धमकी दी कि वह पत्नी के नाम पर बैंक लोन से ली गई कार को भी आग के हवाले कर देगा। 

वारदात के बाद दोनों घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल (MLR) करवाया गया।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुखदेव नगर निवासी परमजीत कौर की ओर से लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपी गुरविंदर सिंह नशे के लिए ₹30,000 मांग रहा था और न देने पर उसने सास-पत्नी पर हमला किया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने व अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!