Edited By Vatika,Updated: 24 Apr, 2026 02:48 PM

पंजाब में आज रात 8 बजे से 8:15 बजे तक राज्यव्यापी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है
पंजाब डेस्कः पंजाब में आज रात 8 बजे से 8:15 बजे तक राज्यव्यापी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। दरअसल, सिविल डिफेंस की तैयारियों की जांच के उद्देश्य से 24 अप्रैल को शाम 8 बजे सिविल डिफेंस एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज करवाई जाएगी। यह अभ्यास भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया जा रहा है।
ड्रिल के दौरान प्रमुख बाजारों, सरकारी भवनों और रिहायशी इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई बंद रखी जाएगी। साथ ही लोगों को जनरेटर, इनवर्टर और टॉर्च का उपयोग न करने की हिदायत दी गई है, ताकि पूरी तरह ब्लैकआउट की स्थिति बनाई जा सके। मॉक ड्रिल के अंत में लगातार 2 मिनट तक सायरन बजेगा, जो “ऑल क्लियर” का संकेत होगा और इसके बाद सामान्य स्थिति बहाल कर दी जाएगी। जिले के डिप्टी कमिश्नरों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, यह केवल एक अभ्यास है और इसमें प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
आइए जानें, किस जिले के कौन-कौन से इलाकों में रहेगा ब्लैकआउट
जालंधर: डी.सी. वरजीत वालिया के अनुसार पूरे शहर में ब्लैकआउट नहीं बल्कि जालंधर के खालसा कॉलेज फॉर वुमेन में 24 अप्रैल को मॉक ड्रिल होगी। रात 8 बजे कॉलेज कैंपस में ब्लैकआउट किया जाएगा।
लुधियाना: लुधियाना के 12 जगहों पर मॉक ड्रिल होगी। सायरन 7:55 पर बजेंगे और Blackout शाम 8 से 8:15 बजे तक रहेगा। वहीं पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) और अगर नगर PSPCL डिवीजन के तहत आने वाले इलाकों में यह मॉक ड्रिल की जाएगी।
अमृतसर: यहां रंजीत एवेन्यू स्थित पायटेक्स ग्राउंड में सिविल डिफेंस की ओर से एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान रात 8 से 8:10 बजे तक रंजीत एवेन्यू में Blackout रहेगा।
मोहाली - डीसी कोमल मित्तल के मुताबिक सेक्टर 76 स्थित जिला प्रशासनिक परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल कराई जाएगी। रात 8 से 8.15 तक के बीच Blackout होगा।
पठानकोट: यहां ब्लैकआउट केवल नगर निगम के 50 वार्डों में लागू होगा, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य रहेगी। डी.सी. अनुसार 7:58 पर 2 मिनट का सायरन बजेगा। इसके बाद 15 मिनट तक ब्लैकआउट रहेगा।
बठिंडाः DC राजेश धीमान के अनुसार पुडा मार्केट और 100 फीट रोड जैसे चिन्हित क्षेत्रों में ब्लैकआउट किया जाएगा। करीब 15 मिनट की इस ड्रिल में सर्च एंड रेस्क्यू, राहत कार्य और चिकित्सा सहायता का अभ्यास होगा।
फाजिल्का: फाजिल्का डी.सी. का कहना है कि पाकिस्तान की सीमा के साथ लगने के कारण यहां ज्यादा एहतियात बरती जाएगी। लोगों को गैर जरूरी लाइटें बंद करने को कहा गया है, रात 8 बजे ब्लैकआउट होगा। इससे पहले 2 मिनट का सायरन बजेगा, जो Blackout का संकेत देगा। वहीं
फिरोजपुर में भी छावनी (कैंट) और सीमावर्ती संवेदनशील इलाकों में मॉक ड्रिल होगी।