स्वतंत्रता दिवस से पहले पंजाब में High Alert, अतिरिक्त फोर्स संवेदनशील जिलों में होगी तैनात

Edited By Vatika,Updated: 31 Jul, 2026 10:44 AM

high alert in punjab

आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने पूरे

जालंधर/चंडीगढ़ : आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सभी पुलिस कमिश्नरों, रेंज आई.जी./डी.आई.जी. और जिला पुलिस प्रमुखों (एस.एस.पी.) को विशेष सुरक्षा अभियान चलाने तथा कानून-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश जारी किए हैं।

खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश
डी.जी.पी. ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ऐसे में सभी समारोह स्थलों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की कोई गुंजाइश न रहे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्यभर में विशेष तलाशी एवं चेकिंग अभियान तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इसके साथ ही सभी जिला पुलिस प्रमुख नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा किसी भी इनपुट पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य होने के कारण सुरक्षा एजेंसियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। सीमा क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी पुलिस इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जाएं
डी.जी.पी. के निर्देशों के बाद पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान तेज कर दिया है। प्रमुख सड़कों, प्रवेश मार्गों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अंतरराज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं पर आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है, जबकि संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा बम निरोधक दस्तों, डॉग स्क्वायड, क्विक रिस्पांस टीमों तथा सशस्त्र पुलिस बल को भी पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पुलिस प्रमुखों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी पूरी सतर्कता के साथ सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। पंजाब पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध वस्तु, वाहन या व्यक्ति दिखाई दे अथवा कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने या पुलिस हैल्पलाइन पर दें। पुलिस ने विश्वास दिलाया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!