Edited By Vatika,Updated: 22 Apr, 2026 10:15 AM

मिलरगंज इलाके में स्थित आरबीएल (RBL) बैंक के साथ लाखों की...
लुधियाना (राज): मिलरगंज इलाके में स्थित आरबीएल (RBL) बैंक के साथ लाखों की धोखाधड़ी का एक पेचीदा मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने बैंक की रिकवरी प्रक्रिया में सेंध लगाकर महज कुछ ही देर में 6 लाख रुपये अपने दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। इस संबंध में पुलिस ने प्रिमियम करंट अकाउंट ब्रांच के एरिया हेड वरिंदर अरोड़ा की शिकायत पर आरोपी प्रीति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरबीएल बैंक की मिलरगंज में खुलवाया खाता
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फॉरेक्स ट्रेडिंग (Forex Trading) के उद्देश्य से आरबीएल बैंक की मिलरगंज शाखा में अपना खाता खुलवाया था। ट्रेडिंग के दौरान हुए घाटे के चलते बैंक ने अपनी 10,44,425 रुपये की बकाया रकम वसूलने के लिए 'सी शैडो शिपिंग' (Sea Shadow Shipping) के खाते पर 'होल्ड' लगा दिया था। धोखाधड़ी की कहानी तब शुरू हुई जब 18 अगस्त 2025 को जैसे ही बैंक द्वारा उक्त खाते से होल्ड हटाया गया, तो आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए तुरंत धोखाधड़ी की नीयत से दो अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 6 लाख रुपये उड़ा लिए।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
आरोपी ने बैंक को भनक लगे बिना यह बड़ी राशि अपने आईडीएफसी (IDFC) बैंक के खाता संख्या 10157696220 (शाखा सेक्टर-32, चंडीगढ़/लुधियाना) में ट्रांसफर कर ली। बैंक अधिकारियों को जब इस सेंधमारी का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक की आंतरिक जांच के बाद मामले की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।