Edited By Subhash Kapoor,Updated: 22 May, 2026 08:29 PM

मल्हार रोड पर दिनदहाड़े चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां खरीदारी करने आईं एक रिटायर्ड महिला टीचर की क्रेटा कार को निशाना बनाते हुए शातिर चोर ने कार का शीशा चकनाचूर कर दिया और अंदर रखा बैग लेकर रफूचक्कर हो गया।
लुधियाना (राज): मल्हार रोड पर दिनदहाड़े चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां खरीदारी करने आईं एक रिटायर्ड महिला टीचर की क्रेटा कार को निशाना बनाते हुए शातिर चोर ने कार का शीशा चकनाचूर कर दिया और अंदर रखा बैग लेकर रफूचक्कर हो गया। बताया जा रहा है कि बैग में नगदी, कीमती कपड़े और जरूरी सामान के साथ-साथ घर की चाबियां भी थीं। वारदात के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहीद भगत सिंह नगर इलाके की रहने वाली रिटायर्ड टीचर उमा शर्मा ने बताया कि वह अपनी एक महिला सहेली के साथ मल्हार रोड (सराभा नगर इलाका) में खरीदारी करने के लिए आई थीं। उन्होंने अपनी क्रेटा कार को एक शोरूम के बाहर सुरक्षित समझकर पार्क किया था। इसके बाद वे दोनों शोरूम के अंदर चली गईं। करीब 15 मिनट बाद जब वे खरीदारी निपटाकर वापस लौटीं, तो कार की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। कार के लेफ्ट साइड (बाईं तरफ) का शीशा पूरी तरह से टूटा हुआ था और सीट पर रखा उनका बैग गायब था।
पीड़ित महिला के मुताबिक, चोरी गए बैग में उनके द्वारा खरीदे गए कीमती कपड़े, जरूरी कागजात और सबसे महत्वपूर्ण उनके घर की चाबियां थीं। इसके अलावा बैग के अंदर एक छोटा पर्स भी रखा हुआ था, जिसमें करीब 5 हजार रुपये की नगदी मौजूद थी। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों और दुकानदारों में भारी सनसनी फैल गई है। इस मामले को लेकर थाना डिवीजन नंबर 5 के प्रभारी हमराज सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने पीड़ित महिला उमा शर्मा के बयान दर्ज कर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शोरूम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोर का सुराग लगाया जा सके।