Edited By Vatika,Updated: 21 May, 2026 02:33 PM

महानगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं।
लुधियाना (राज): महानगर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बीआरएस नगर जोन-डी कट के पास तेज रफ्तार थार गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में थार चला रहे कॉलेज छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
तेज रफ्तार के कारण थार गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई
जानकारी के अनुसार गाड़ी में सवार पांचों युवक आपस में करीबी दोस्त थे और रोजाना सुबह साथ में जिम जाते थे। गुरुवार सुबह भी सभी युवक जिम जाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में उन्होंने पहले एक दुकान पर रुककर अंडे खाए और इसके बाद वापस लौटते समय हादसा हो गया। पुलिस जांच अधिकारी दविंदर सिंह के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे हादसे की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण थार गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय आर्यन वीर सिंह गाड़ी चला रहा था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके चार दोस्त गंभीर हालत में गाड़ी के अंदर फंस गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार हादसे में घायल एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे युवक की बाजू बुरी तरह जख्मी हुई है। बाकी दो युवकों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।