Edited By Kalash,Updated: 19 May, 2026 03:43 PM

महानगर एक बेहद दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री और आम जनता को झकझोर कर रख दिया है।
लुधियाना (राज): महानगर एक बेहद दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री और आम जनता को झकझोर कर रख दिया है। छह दिन पहले गन प्वाइंट पर किडनैप की गई मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। सिंगर की लाश नीलो नहर से बरामद हुई है, जिसकी शिनाख्त के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। दिल को चीर देने वाली इस वारदात के बाद सिंगर के शव को समराला के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री के पीछे की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है, जिसमें प्यार, जिद, रंजिश और कत्ल का खूनी खेल शामिल है। मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन यशइंदर उर्फ इंदर कौर बीती 13 मई की रात करीब साढ़े 8 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर बाजार से घर का राशन (ग्रोसरी) लेने निकली थी। जब वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटी, तो परिवार के हाथ-पांव फूल गए। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की तो पता चला कि इंदर कौर की दोस्ती मोगा के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा के साथ थी। भाई जोतइंदर सिंह का आरोप है कि आरोपी सुखविंदर सिंह उनकी बहन से जबरन शादी करना चाहता था, लेकिन इंदर कौर ने इस शादी से साफ इनकार कर दिया था। बस इसी शादी से इनकार की रंजिश को दिल में पाले सुखविंदर सिंह ने एक खौफनाक साजिश रच डाली।
आरोपी सुखविंदर सिंह खास तौर पर अपनी इस जिद को पूरा करने और इंदर कौर को रास्ते से हटाने के लिए कनाडा से पंजाब आया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर कौर को घेरा और पिस्तौल की नोक पर उसे अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बेरहमी से उसकी जान ले ली और लाश को छुपाने के लिए नीलो नहर में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह पुलिस को चकमा देकर वापस कनाडा फरार हो चुका है।
पीड़ित भाई ने 15 मई को ही आरोपी सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करवा दी थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते आरोपी देश छोड़कर भागने में कामयाब रहा।
मामले की जानकारी देते हुए थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि नीलो नहर में एक महिला की लाश तैरती होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए पीड़ित परिवार को बुलाया, जिन्होंने कपड़ों और हुलिए से इंदर कौर की पहचान की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और फरार आरोपियों को दबोचने व मुख्य आरोपी को विदेश से वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here