Ludhiana में दर्दनाक घटना: प्रॉपर्टी डीलर ने नहर में लगाई छलांग, सुसाइड से पहले बनाई वीडियो

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 17 May, 2026 09:20 PM

tragic incident in ludhiana property dealer jumps into canal

लुधियाना में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर ने नहर में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना ने पूरे इलाके और परिवार को सदमे में डाल दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है।

लुधियाना (विनायक): लुधियाना के एक प्रॉपर्टी कारोबारी द्वारा कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सरहिंद नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कारोबारी का शव रविवार को दोराहा क्षेत्र के गांव गुरथली के पास सरहिंद नहर से बरामद किया गया। घटना से पहले मृतक ने दो भावुक वीडियो बनाकर अपने बड़े भाई को व्हाट्सऐप पर भेजे, जिनमें उसने अपनी मौत के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।

मृतक की पहचान अमित कुमार (42) के रूप में हुई है, जो लुधियाना में प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़ा हुआ था। जानकारी के अनुसार, 15 मई की रात अमित कुमार घर से खाना खाने के बाद दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। कुछ समय बाद उसके मोबाइल नंबर से उसके बड़े भाई विवेक अग्रवाल के व्हाट्सऐप पर दो वीडियो प्राप्त हुए। वीडियो देखने के बाद परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और तुरंत उसकी तलाश शुरू की गई।

परिवार को आशंका हुई कि अमित ने नीलों पुल से सरहिंद नहर में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और लगातार तलाश अभियान चलाया गया। करीब दो दिन बाद रविवार को गांव गुरथली (दोराहा) के पास सरहिंद नहर से उसका शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

“आज मैं अंदर से पूरी तरह टूट गया हूं”
मौत से पहले बनाए गए वीडियो में अमित कुमार बेहद भावुक दिखाई दिया। उसने रोते हुए कहा—
“जय माता दी… मैं अमित कुमार। आज मैं एक दुख सहन नहीं कर पाया। मेरे बड़े भाई की आंखों में आंसू मैं नहीं देख सका। वह भगवान जैसा इंसान है, जो सबकी फिक्र करता है। आज मैं अंदर से पूरी तरह टूट चुका हूं।”

वीडियो में अमित ने दीपक गोयल, गोलू और उनके परिवार का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते वह यह कदम उठाने को मजबूर हुआ। उसने कहा कि पिछले 25-27 वर्षों की मेहनत और योगदान को नकारते हुए उसे बार-बार अपमानित किया जाता था।

अमित ने वीडियो में समाज और सरकार से अपने परिवार को न्याय दिलाने की अपील भी की। भावुक संदेश में उसने अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और परिचितों का नाम लेते हुए अगले जन्म में भी इसी परिवार के साथ रहने की इच्छा जताई। वीडियो के अंत में उसने “जय माता दी” कहकर अपनी बात समाप्त की।
 
मृतक के भाई विवेक अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके फूफा की मृत्यु के बाद साझे कारोबार को लेकर विवाद शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि पंचकूला निवासी गोलू और रिश्तेदार दीपक गोयल कथित रूप से कारोबार पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित कुमार पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और उसकी वर्षों की मेहनत को तिरस्कारपूर्ण तरीके से नजरअंदाज किया जा रहा था। विवेक के अनुसार, यही मानसिक प्रताड़ना अमित को अंदर से तोड़ गई और उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के भाई विवेक अग्रवाल की शिकायत तथा वीडियो साक्ष्यों के आधार पर दीपक गोयल, गोलू और उसके परिवार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक द्वारा भेजे गए दोनों वीडियो अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!