Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 May, 2026 06:53 PM

अमृतसर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटी ने अपने ही पिता को गोली मार दी। घटना उस समय हुई जब पिता घर में अरदास कर रहे थे। अचानक चली गोली से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घायल पिता को तुरंत गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया,...
अमृतसर : अमृतसर के हलका बाबा बकाला साहिब के अंतर्गत पड़ते थाना खिलचियां इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटी ने अपने ही पिता को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया।
परिवारिक सदस्यों के अनुसार लड़की स्नेहदीप कौर काफी समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थी। उन्होंने बताया कि घटना के समय उसके पिता परमिंदर सिंह अरदास कर रहे थे और पास ही लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई थी। इसी दौरान स्नेहदीप कौर ने पिस्टल उठाकर गोली चला दी, जो पिता की पीठ में जा लगी। घायल परमिंदर सिंह को तुरंत अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
परिवार ने मीडिया से बातचीत के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि ऑस्ट्रेलिया जाने को लेकर चल रही बातें पूरी तरह गलत हैं और इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। परिवार ने पुलिस से अपील की है कि एफआईआर रद्द कर उनकी बेटी को रिहा किया जाए, क्योंकि वह मानसिक रूप से ठीक नहीं है।
उधर, पुलिस अधिकारी मुख्तियार सिंह ने बताया कि 14 तारीख को परमिंदर सिंह को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि उनकी बेटी स्नेहदीप कौर के आजाद विचारों और विदेश जाने के मुद्दे को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुस्से में आकर बेटी ने पिता के लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है।