Edited By Urmila,Updated: 21 Sep, 2026 12:50 PM

घर में अकेले रह रहे 12 साल के मासूम बच्चे का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
अमृतसर (गुरप्रीत सिंह) : घर में अकेले रह रहे 12 साल के मासूम बच्चे का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक बच्चे की पहचान 12 साल के किशन के रूप में हुई है, जो स्कूल में पढ़ता था। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम का माहौल है।
काम से लौटे पिता ने देखा खौफनाक मंजर
मृतक के पिता अशोक पाल निवासी शिव नगर ने नम आंखों और भरे गले से घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह एक मीट की दुकान पर काम करता है और अक्सर दोपहर 12 बजे के आस-पास काम पर जाता है और देर रात लौटता है। घटना वाले दिन घर पर कुछ सैनिटरी का काम होना था, जिसके चलते वह सैनिटरी इंजीनियर के साथ घर पहुंचा था। जब वह ऊपर गया तो मंजर देख उसके होश उड़ गए। उसका इकलौता 12 साल का बेटा किशन दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। पिता के मुताबिक, बच्चे की जीभ भी बाहर निकली हुई थी।
जाते समय बेटे ने प्यार से रोटी खिलाई थी
पिता अशोक पाल ने इमोशनल होते हुए बताया कि काम पर जाने से पहले उनके बेटे ने प्यार से रोटी बनाई और कहा, "पापा, रोटी खाकर जाना।" पिता के मुताबिक, जब उन्होंने काम पर जाने की जल्दी के कारण रोटी खाने से मना कर दिया, तो बच्चे ने उसे जिद करके खाना खिलाया। इसके बाद बच्चे ने अपने पिता को ऑनलाइन ऑर्डर किया हुआ नया रिमोट भी दिखाया और कोल्ड ड्रिंक पीने की इच्छा जताई। पिता ने उसके लिए कोल्ड ड्रिंक मंगवा दी फिर काम पर चला गया। पिता का कहना है कि बच्चे के लिए बनाई गई चाय भी घर में वैसे ही पड़ी थी और किसी ने सोचा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों में यह दर्दनाक घटना हो जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here