Edited By Urmila,Updated: 21 Sep, 2026 12:04 PM

कस्बा फतेहाबाद में एक मार्बल स्टोर मालिक से कथित तौर पर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के बाद रविवार शाम करीब 6 बजे बाइक सवार 2 बदमाशों ने स्टोर पर फायरिंग करने का प्रयास किया।
तरनतारन (रमन) : कस्बा फतेहाबाद में एक मार्बल स्टोर मालिक से कथित तौर पर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के बाद रविवार शाम करीब 6 बजे बाइक सवार 2 बदमाशों ने स्टोर पर फायरिंग करने का प्रयास किया। हालांकि किसी कारणवश पिस्तौल से गोली नहीं चल सकी, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही थाना गोइंदवाल साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कस्बा फतेहाबाद स्थित राजस्थान मार्बल के मालिक गणपत लाल को कुछ दिन पहले विदेश में बैठे एक कथित गैंगस्टर की ओर से 50 लाख रुपए की फिरौती की मांग को लेकर धमकी मिली थी। स्टोर मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी थी। रविवार शाम करीब 6 बजे स्टोर मालिक और कर्मचारी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार 2 युवक वहां पहुंचे।
सी.सी.टी.वी. फुटेज के मुताबिक उनमें से एक युवक स्टोर के नजदीक पहुंचा और पिस्तौल निकालकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चल सकी। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डी.एस.पी. गोइंदवाल साहिब हरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।
इस घटना के बाद कस्बा फतेहाबाद के व्यापारियों और दुकानदारों में चिंता का माहौल है। मार्बल स्टोर मालिक गणपत लाल ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। डी.एस.पी. गोइंदवाल साहिब हरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि मार्बल स्टोर मालिक की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here