Edited By Vatika,Updated: 07 May, 2026 03:42 PM

महानगर के मशहूर प्रॉपर्टी कारोबारी और अनेजा इस्टेट के मालिक रिम्पी अनेजा द्वारा मौत को गले
लुधियाना(राज): महानगर के मशहूर प्रॉपर्टी कारोबारी और अनेजा इस्टेट के मालिक रिम्पी अनेजा द्वारा मौत को गले लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहीद भगत सिंह नगर के निवासी 52 वर्षीय रिम्पी अनेजा ने बुधवार रात जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भावुक और चौंकाने वाला वीडियो किया रिकॉर्ड
बताया जा रहा है कि रिम्पी अनेजा पिछले कुछ समय से भारी मानसिक तनाव में थे और इस आत्मघाती कदम के पीछे करोड़ों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने से पहले रिम्पी अनेजा ने एक भावुक और चौंकाने वाला वीडियो रिकॉर्ड किया है। इस वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर करीब 10 लोगों के नामों का खुलासा किया है जो उन पर पैसों को लेकर लगातार दबाव बना रहे थे। चर्चा है कि ये लोग उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे तंग आकर उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
महज 20 दिन पहले ही हुआ था माता का स्वर्गवास
दुखों का पहाड़ यहीं नहीं थमा, रिम्पी अनेजा के करीबियों ने बताया कि महज 20 दिन पहले ही उनकी माता का स्वर्गवास हुआ था और वह अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि इस बीच आए वित्तीय संकट और टॉर्चर ने उन्हें अंदर से तोड़ कर रख दिया। थाना दुगरी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां आज उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। रिम्पी अनेजा की मौत ने शहर के व्यापारिक गलियारों में कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।