Ludhiana में तेजधार हथियारों के बल लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, शातिर लुटेरे गिरफ्तार

Edited By Kamini,Updated: 10 Jun, 2026 01:42 PM

looting gang busted in ludhiana

कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना ने शहर में हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

लुधियाना (राज): कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना ने शहर में हथियारों के बल पर लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए 2 लोहे के दात (तेजधार हथियार) और बाइक व लूट की गई बाइक भी बरामद कर ली है। गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा (IPS) और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर रूपिंदर सिंह (IPS) के दिशा-निर्देशों पर शहर में लूटपाट व चोरी की वारदातों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एडीसीपी जोन-3 देव सिंह (PPS) और एसीपी सिविल लाइंस सरबजीत सिंह (PPS) की अगुवाई में थाना डिवीजन नंबर 8 के मुख्य अफसर इंस्पेक्टर अमितपाल शर्मा की पुलिस पार्टी को यह कामयाबी मिली है।

दोस्त के साथ अस्पताल जा रहे युवक को घेरा

पुलिस को दर्ज करवाए बयानों में अमन शर्मा निवासी प्रीत नगर, अमृतसर, हाल निवासी राम नगर बेरीवाल, वोमैन सेल सिविल लाइन, लुधियाना ने बताया कि बीती 7 जून 2026 को वह अपने दोस्त शहबाज सिंह के साथ काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर PB02BY2490) पर सवार होकर DMC Hospital जा रहा था। जब वे दोनों रक्ख बाग के पास पहुंचे, तो घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लोहे के तेजधार दात से उन पर हमला कर दिया। आरोपी डरा-धमकाकर उनकी स्प्लेंडर बाइक छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में तुरंत धारा 309(4), 35, 115(2), 118(1) BNS के तहत थाना डिवीजन नंबर 8 में केस दर्ज किया।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, 3 दबोचे

मामले की तफ्तीश के दौरान 8 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर खास से पक्की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर गिरोह के 3 सदस्यों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करन उर्फ मोटा पुत्र सुखराज सिंह (निवासी न्यू नेशनल कॉलोनी, टिब्बा रोड, लुधियाना), तीर्थ सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह (निवासी इस्लाम गंज, लुधियाना), आकाश कुमार उर्फ ईशू पुत्र नाथी राम (निवासी न्यू पुनीत नगर, टिब्बा रोड, लुधियाना) और चौथे आरोपी की पहचान रोहन कुमार (निवासी पिंड कक्का धोला) अभी फरार है।

हथियार दिखाकर लोगों को बनाते थे निशाना

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस गिरोह का तरीका बेहद खौफनाक था। ये लोग लुधियाना शहर के सुनसान इलाकों में सीधे-साधे और भोले-भाले राहगीरों को निशाना बनाते थे। उन्हें अचानक घेरकर तेजधार हथियार दिखाते थे और जान से मारने की धमकी देकर पलक झपकते ही उनका कीमती सामान और गाड़ियां छीनकर रफूचक्कर हो जाते थे।

बरामद हुआ सामान और आरोपी

पुलिस ने आरोपियों से वारदात में लूटी गई स्प्लेंडर बाइक (PB02BY2490) के साथ-साथ वह स्प्लेंडर बाइक (PB-10-KC-9442) भी बरामद कर ली है, जिस पर सवार होकर ये वारदात करने आए थे। इसके अलावा 2 लोहे के दात बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान इनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिससे शहर में हुई कई अन्य वारदातों के ट्रेस होने की पूरी उम्मीद है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!