Edited By Vatika,Updated: 16 May, 2026 11:09 AM

महानगर में झपटमारों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे महिलाओं को
लुधियाना (राज): महानगर में झपटमारों और लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे महिलाओं को सरेराह अपना निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे। ताजा सनसनीखेज मामला दुगरी इलाके का है, जहां बेखौफ लुटेरों ने एक महिला की एक्टिवा को जानबूझकर टक्कर मारी और फिर बहस करने के बहाने उसका मोबाइल व नकदी से भरा पर्स छीनकर रफूचक्कर हो गए। यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी करमजीत कौर दुगरी स्थित 200 फुटा रोड पर अपनी एक्टिवा पर सवार होकर किसी निजी काम से जा रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन कॉल आई, जिसे सुनने के लिए उन्होंने अपनी एक्टिवा सड़क किनारे रोक ली। अभी वह फोन पर बात कर ही रही थीं कि अचानक एक ग्रे रंग की एक्टिवा पर सवार होकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने साजिश के तहत जानबूझकर अपनी एक्टिवा करमजीत कौर की एक्टिवा में दे मारी। टक्कर लगने के बाद जब करमजीत कौर ने आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने उलटा उनसे बहस करना शुरू कर दिया। इसी बहसबाज़ी और हंगामे का फायदा उठाकर शातिर लुटेरों ने झपट्टा मारा और करमजीत कौर का मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया।
वारदात के बाद घबराई महिला ने हिम्मत दिखाते हुए लुटेरों का पीछा भी किया और शोर मचाया, लेकिन आरोपी अपनी तेज रफ्तार एक्टिवा पर बैठकर पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक, छीने गए पर्स में 35 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी, एक अन्य मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात से इलाके के लोगों में भारी रोष है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच का चक्का घुमा दिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों के हुलिए और गाड़ी के नंबर की पहचान की जा रही है