Edited By Vatika,Updated: 15 May, 2026 10:32 AM

कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार लुधियाना को अपना एयरपोर्ट मिल गया
लुधियाना(हितेश): कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार लुधियाना को अपना एयरपोर्ट मिल गया। शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट दिल्ली से पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड हुई। वैसे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एयरपोर्ट का उद्घाटन 1 फरवरी को वर्चुअली किया था, लेकिन शेड्यूल में कई बदलावों के बाद अब नियमित उड़ान सेवा शुरू हो गई है।
1.15 घंटे का होगा दिल्ली-हलवारा फ्लाइट का सफर
एयर इंडिया हलवारा एयरपोर्ट से रोज दो फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी। अब रोजाना हलवारा से दिल्ली और दिल्ली से हलवारा के बीच 2 फ्लाइट्स संचालित होंगी। दिल्ली-हलवारा फ्लाइट का सफर 1.15 घंटे का है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मुताबिक, यात्री को अपनी फ्लाइट से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा। तय फ्लाइट के बाद किसी को भी अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी।
शुक्रवार सुबह पहली फ्लाइट दिल्ली से हलवारा पहुंची, जिसमें केंद्रीय मंत्री Ravneet Singh Bittu, राज्यसभा सांसद Rajendra Gupta, Vikramjit Singh Sahney समेत भाजपा के कई नेता और आम यात्री सवार थे। वहीं हलवारा से दिल्ली रवाना हुई फ्लाइट में भी बड़ी संख्या में यात्री और भाजपा नेता शामिल रहे। इस नई एयर कनेक्टिविटी से लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर होजरी और उद्योग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को दिल्ली के जरिए मुंबई, कोलकाता समेत अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में सुविधा होगी। उद्योगपतियों का मानना है कि इससे व्यापार और निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।