Edited By Vatika,Updated: 30 Sep, 2026 02:30 PM

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों और एकदिवसीय (वनडे) सीरीज का बिगुल बजते ही महानगर में सट्टेबाजों
लुधियाना(राज): अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों और एकदिवसीय (वनडे) सीरीज का बिगुल बजते ही महानगर में सट्टेबाजों और बड़े बुकीज की चांदी हो गई है। आज दोपहर से शुरू होने वाले में साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले तथा भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले 2 अहम वनडे मुकाबलों को लेकर सट्टा बाजार में जबरदस्त उबाल आ गया है। क्रिकेट के इन बड़े मुकाबलों के शुरू होते ही बुकीज का काला कारोबार पूरे शबाब पर लौट आया है और सभी बड़े सटोरियों ने अपने-अपने गुप्त ठिकानों पर बैठकर दांव लगाने की पूरी तैयारी कर ली है। शहर के कई हिस्सों में करोड़ों रुपयों का दांव लगना शुरू हो चुका है, जिससे शहर में अवैध सट्टा सिंडिकेट एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
साउथ अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया व भारत-वेस्टइंडीज सीरीज पर भारी दांव
सट्टा बाजार से जुड़े सूत्रों का दावा है कि आज से ही बुकीज का धंधा धड़ल्ले से शुरू हो चुका है। आज साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले वनडे मैचों और भारत बनाम वेस्टइंडीज के 2 मुकाबलों को लेकर सटोरियों ने खास रेट (भाव) तय कर रखे हैं। मैचों की पहली गेंद फिंकने से पहले ही फेवरेट टीमों पर सट्टे के भाव खुलने लगे हैं। बताया जा रहा है कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए बुकीज अब सुरक्षित कॉलिंग ऐप्स, ऑनलाइन पैनल और विशेष वेबसाइट्स के माध्यम से पंटर्स को आईडी उपलब्ध करवा रहे हैं, ताकि पुलिस की रडार से बचा जा सके।
कमरों में बैठकर चल रहा करोड़ों का खेल, कोडवर्ड्स का इस्तेमाल
क्रिकेट मैचों का लाइव प्रसारण शुरू होते ही बुकीज अपने कमरों में लैपटॉप, दर्जनों मोबाइल फोन और विशेष सॉफ्टवेयर लेकर जम जाते हैं। लेन-देन और बुकिंग के दौरान आम भाषा की बजाय खास कोडवर्ड्स और गुप्त संकेतों का इस्तेमाल किया जा रहा है। खेल के दौरान हर ओवर में बदलते समीकरणों के साथ सट्टे का भाव भी ऊपर-नीचे होता रहता है। जीत-हार के अलावा खिलाड़ियों के व्यक्तिगत स्कोर, छक्कों और पहले पावरप्ले के रनों पर भी भारी-भरकम सट्टा लगवाया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन की सुस्ती पर खड़े हो रहे सवाल
शहर में सट्टा माफिया का इस कदर बेखौफ होकर नेटवर्क फैलाना कमिश्नरेट पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। इस अवैध सट्टेबाजी के चक्कर में कई नौजवान अपनी गाढ़ी कमाई और परिवारों की जमापूंजी गंवाकर बर्बादी की कगार पर पहुंच जाते हैं। लोगों ने पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा से मांग की है कि दरेसी और शहर के अन्य संदिग्ध इलाकों में सक्रिय सटोरियों व बुकीज के ठिकानों पर तुरंत सीआईए स्टाफ द्वारा छापेमारी कर इस काले सिंडिकेट की कमर तोड़ी जाए।