खाली कागजों पर साइन करवाकर करोड़ों की प्रॉपर्टी हड़पने का आरोप, 6 के खिलाफ FIR

Edited By Kalash,Updated: 30 Sep, 2026 12:14 PM

big fraud case

ब्याज पर पैसे देने की आड़ में जालसाजी कर करोड़ों रुपये की प्राइम प्रॉपर्टी हड़पने का एक बेहद संगीन और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।

लुधियाना (राज): ब्याज पर पैसे देने की आड़ में जालसाजी कर करोड़ों रुपये की प्राइम प्रॉपर्टी हड़पने का एक बेहद संगीन और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फाइनेंसर्स और उनके सहयोगियों ने एक कारोबारी को ब्याज पर ₹1.48 करोड़ की रकम देकर सुरक्षा के नाम पर 50 खाली कागजों और चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन खाली हस्ताक्षरित कागजों का दुरुपयोग करते हुए हीरो होम्स के सामने स्थित 8000 वर्ग गज के बेशकीमती प्लॉट की जाली रजिस्ट्री और 'फुल एंड फाइनल' दस्तावेज तैयार कर पूरी प्रॉपर्टी हड़पने की गहरी साजिश रची। पीड़ित कारोबारी नीरज कपूर की आधिकारिक शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने रजत गुप्ता समेत 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और आपराधिक साजिश की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में निम्नलिखित छह आरोपियों को नामजद किया गया है: 
1. रजत गुप्ता पुत्र विपन कुमार गुप्ता, निवासी मकान नंबर 255-F, नजदीक सिटी सेंटर, शहीद भगत सिंह नगर, बसंत एवेन्यू, लुधियाना
2. आसीस गुप्ता पुत्र अतुल कुमार गुप्ता, निवासी मकान नंबर 238-R, लाल कोठी रोड, लुधियाना
3. अतुल कुमार गुप्ता, निवासी मकान नंबर 238-R, लाल कोठी रोड, लुधियाना
4. वनीता गुप्ता पुत्री महाराज कृष्ण गुप्ता, निवासी मकान नंबर 475-A, नजदीक न्यू कृष्णा मंदिर, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, लुधियाना
5. वंश जैन पुत्र अवनीश जैन, निवासी मकान नंबर 153-A, टैगोर नगर, सिविल लाइंस, लुधियाना
6. रक्षित जैन पुत्र पुनीत जैन, निवासी मकान नंबर 19-A, टैगोर नगर, सिविल लाइंस, लुधियाना

सितंबर 2025 में ब्याज पर लिए थे 1.48 करोड़ रुपये 

पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में मुद्दई नीरज कपूर ने बताया कि वह अपने कारोबार के सिलसिले में आरोपी रजत गुप्ता व अन्य से अक्सर ब्याज पर पैसे का लेन-देन करता रहता था। सितंबर 2025 में मुद्दई ने उक्त आरोपियों से 1 करोड़ 48 लाख 50 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। रकम देते समय आरोपियों ने अपनी सुरक्षा और गारंटी का हवाला देते हुए मुद्दई से करीब 50 खाली कागजों/स्टांप पत्रों पर हस्ताक्षर करवा लिए और साथ ही एक हस्ताक्षरित चेक भी सिक्योरिटी के तौर पर ले लिया। मुद्दई ने विश्वास में आकर ये खाली कागजात और चेक आरोपियों के सुपुर्द कर दिए थे।

खाली कागजों पर फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर हड़प ली करोड़ों की जमीन 

नीरज के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपियों की नीयत खराब हो गई। उन्होंने पहले से लिए गए चेक का गलत इस्तेमाल करते हुए मुद्दई के खिलाफ कानूनी केस दायर कर दिया। जब उस ने मामले की गहराई से पड़ताल की और संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच करवाई, तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। पता चला कि चेक और कागजों पर कई जगह जाली दस्तखत किए गए थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सोची-समझी आपराधिक साजिश के तहत मुद्दई के खाली हस्ताक्षरित कागजों का दुरुपयोग करते हुए गांव बीरमी में हीरो होम्स के बिल्कुल सामने स्थित उसके 8000 वर्ग गज के प्राइम प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री के कागजात और फुल एंड फाइनल एग्रीमेंट तैयार कर लिए थे।

करोड़ों की धोखाधड़ी पर पुलिस ने कसा शिकंजा 

नीरज कपूर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने एक सुनियोजित सिंडिकेट की तरह काम करते हुए उसके साथ करोड़ों रुपये की खुली ठगी और धोखाधड़ी की है, ताकि उसकी बेशकीमती जमीन पर जबरन कब्जा किया जा सके। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने विवादित दस्तावेजों, एग्रीमेंट्स और संबंधित बैंक रिकॉर्ड को जांच के दायरे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जाली हस्ताक्षरों की फोरेंसिक जांच करवाई जा रही है और मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!