Edited By Kamini,Updated: 28 Sep, 2026 10:01 AM

पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे तमाम अभियानों और दावों की धज्जियां उड़ाने वाला एक बेहद सनसनीखेज और विचलित कर देने वाला वीडियो सामने आया है।
लुधियाना (राज): पुलिस प्रशासन द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे तमाम अभियानों और दावों की धज्जियां उड़ाने वाला एक बेहद सनसनीखेज और विचलित कर देने वाला वीडियो सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते गऊशाला रोड स्थित चोपड़ा स्कूटर वाली गली में मौजूद एक खाली प्लॉट नशेड़ियो का सुरक्षित अड्डा बन चुका है। दिन-दिहाड़े इस प्लॉट में बैठकर नशा करने और नशे के जानलेवा टीके लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के निवासियों में भारी दहशत और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के खिलाफ गहरा रोष फैल गया है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि खाली प्लॉट में झाड़ियों और गंदगी के बीच बैठकर पहले एक युवक खुलेआम अपनी बाजू की नस में नशे का इंजेक्शन लगाता नजर आता है। दूर किसी इमारत की छत से एक स्थानीय व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में इस पूरी वारदात को रिकॉर्ड कर लिया। इसी दौरान वहां एक दूसरा युवक भी पहुंचता है। दूसरा युवक जो हरकत करता है, उसे देखकर किसी की भी रूह कांप उठे। वह युवक बेखौफ होकर अपने गुप्तांग में सीधे नशे का इंजेक्शन लगा रहा था। नशा इस कदर इन युवाओं की नसों में उतर चुका है कि उन्हें न तो अपनी जान की परवाह है और न ही कानून का कोई खौफ रह गया है।
2 साल पहले इसी प्लॉट में हुई थी ओवरडोज से मौत
अपना नाम ना जाहिर करते हुए इलाके के लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। यह खाली प्लॉट पिछले लंबे समय से नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बना हुआ है। हर रोज सुबह से लेकर देर रात तक दर्जनों युवक यहां झुंड बनाकर पहुंचते हैं और खुलेआम नशा करते हैं। स्थानीय निवासियों ने खुलासा किया कि करीब 2 साल पहले भी इसी खाली प्लॉट में नशे की अत्यधिक मात्रा लेने के कारण एक युवक तड़प-तड़प कर अपनी जान गंवा चुका था। उस समय भी पुलिस ने कुछ दिन खानापूर्ति की, लेकिन उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया और नतीजा यह है कि आज फिर से यहां वही मौत का खूनी खेल शुरू हो गया है।
घरों से निकलना दूभर, पुलिस की नाकामी पर बरसे स्थानीय निवासी
गली के दुकानदारों और मोहल्ला निवासियों का कहना है कि नशेड़ियों के जमावड़े के कारण इलाके की बहन-बेटियों और बच्चों का गली से निकलना तक दूभर हो चुका है। नशे की तलब पूरी करने के लिए ये युवक आसपास के इलाकों में चोरी और झपटमारी जैसी वारदातों को भी अंजाम देते हैं। लोगों का आरोप है कि डिवीजन नंबर 3 पुलिस को कई बार इस बाबत मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन पुलिस की पीसीआर या गश्ती दल इस तरफ कभी झांकने तक नहीं आते, जिससे नशेड़ियों के हौंसले पूरी तरह बुलंद हो चुके हैं।
तुरंत रेड कर कड़ी कार्रवाई करे पुलिस: इलाका निवासी
वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए। लोगों ने पुरजोर मांग की है कि उक्त खाली प्लॉट पर तुरंत पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा छापेमारी की जाए और वहां नशा करने वालों के साथ-साथ उन्हें इंजेक्शन और चिट्टा सप्लाई करने वाले मुख्य सौदागरों को सलाखों के पीछे भेजा जाए, ताकि इलाके के नौजवानों को मौत के मुंह में जाने से बचाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here