Edited By Vatika,Updated: 04 May, 2026 09:29 AM

औद्योगिक नगरी में पुलिस की मुस्तैदी के दावों की हवा निकालते हुए स्नैचरों ने अब दुगरी जैसे पॉश इलाके में
लुधियाना(राज): औद्योगिक नगरी में पुलिस की मुस्तैदी के दावों की हवा निकालते हुए स्नैचरों ने अब दुगरी जैसे पॉश इलाके में दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। बाइक सवार दो बेखौफ युवकों ने एक महिला का रास्ता रोककर उसका बैग झपट लिया और मौके से फरार हो गए।
लुटेरों ने झपट्टा मारकर छीना बैग
मामले की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता रविंदर कौर ने बताया कि वह 2 मई को दोपहर करीब सवा दो बजे अपने एक्टिवा पर सवार होकर मॉडल टाउन से वापस घर लौट रही थीं। अभी वह लेबर चौक दुगरी को पार कर एल.आई.जी. फ्लैट कट के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी एक्टिवा के आगे अपनी बाइक अड़ा दी। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और रफूचक्कर हो गए।
सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाल रही पुलिस
पीड़ित महिला के मुताबिक छीने गए बैग में एक आईफोन-15, एक सैमसंग ए-62 मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी की पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुँचाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।