लुधियाना के मशहूर रेस्टोरेंट में गुंडागर्दी, कार सवार हुड़दंगियों ने स्टाफ और मालिक को पीटा, CCTV में कैद घटना

Edited By Vatika,Updated: 27 Jun, 2026 09:31 AM

crime news ludhiana

महानगर के बेहद पॉश इलाके साउथ सिटी स्थित 'नॉयर रेस्टोरेंट' में कार सवार पांच हुड़दंगी युवकों द्वारा जमकर

लुधियाना( राज): महानगर के बेहद पॉश इलाके साउथ सिटी स्थित 'नॉयर रेस्टोरेंट' में कार सवार पांच हुड़दंगी युवकों द्वारा जमकर हंगामा करने, स्टाफ के साथ बर्बरता से मारपीट करने और बीच-बचाव करने आए रेस्टोरेंट मालिक को सरेआम धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। थाना पीएयू की पुलिस ने इस गुंडागर्दी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है और दो मुख्य आरोपियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है।

मिली जानकारी के अनुसार, अर्बन एस्टेट दुगरी के रहने वाले जसमीत सिंह ने पुलिस को दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि उनका साउथ सिटी इलाके में 'नॉयर रेस्टोरेंट' नाम से कारोबार है। 23 और 24 जून की दरमियानी रात को पांच आरोपी एक कार में सवार होकर उनके रेस्टोरेंट पर आए। रेस्टोरेंट में दाखिल होते ही बदमाशों ने बिना किसी कारण और उकसावे के वहां काम करने वाले स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगे। जसमीत सिंह के अनुसार, जब उन्होंने अपने बेकसूर वर्करों को बदमाशों के चंगुल से बचाने और आरोपियों को शांत करने की कोशिश की, तो तैश में आए बदमाशों ने उनके साथ भी बदतमीजी की और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं।

इसके बाद सभी आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से नौ दो ग्यारह हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना पीएयू पुलिस ने जसमीत सिंह के बयानों के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ मोटा, अमनदीप सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ गोना, जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा (सभी निवासी गांव थरीके, लुधियाना) और गुरप्रीत सिंह उर्फ मनी (निवासी गांव जस्सोवाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस एक्शन में आई और छापेमारी कर मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ मोटा और गुरप्रीत सिंह उर्फ मनी को दबोच लिया। बाकी बचे तीन फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!