Edited By Vatika,Updated: 19 Jun, 2026 08:53 AM

महानगर में ऑटो सवार झपटमार गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जो मासूम और अकेली सवारियों
लुधियाना(राज): महानगर में ऑटो सवार झपटमार गिरोह का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जो मासूम और अकेली सवारियों को अपनी गाड़ी में बिठाकर सुनसान जगह पर लूट का शिकार बना रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला समराला चौक से सामने आया है, जहां अपने घर जाने के लिए ऑटो में बैठी एक महिला को ऑटो चालक और उसके साथी ने सरेराह लूट लिया।
किसी निजी काम के सिलसिले में समराला चौक से किया था Auto
बेखौफ लुटेरों ने महिला के कान से सोने की बाली और उसका पर्स झपट लिया और विरोध करने पर उसे चलती ऑटो से नीचे सड़क पर फेंक दिया। इस दर्दनाक हादसे में महिला को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने पीड़ित महिला संतोष रानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला संतोष रानी ने बताया कि बीती 18 जून को दोपहर करीब 3:15 बजे वह अपने किसी निजी काम के सिलसिले में समराला चौक पर मौजूद थी। वहां से अपने घर कैलाश नगर वापस जाने के लिए वह एक पैसेंजर ऑटो में सवार हुई। उस समय ऑटो में चालक के अलावा आगे की सीट पर उसका एक अन्य साथी भी बैठा हुआ था।
ऑटो चालक और उसके साथी के बदले इरादे
जब ऑटो समराला चौक से निकलकर मेन जी.टी. रोड पर स्थित दौलत कॉलोनी के पास सर्विस लेन में पहुंचा, तो अचानक ऑटो चालक और उसके साथी के इरादे बदल गए। ऑटो की रफ्तार धीमी करते ही चालक के साथ बैठे युवक ने पीछे मुड़कर महिला पर हमला बोल दिया। उसने झपट्टा मारकर महिला के हाथ से उसका पर्स छीन लिया। हैवानियत की हदें पार करते हुए उक्त लुटेरे युवक ने महिला के बाएं कान में पहनी हुई सोने की कीमती बाली को भी बड़ी बेरहमी से खींचकर नोच लिया, जिससे महिला का कान बुरी तरह लहूलुहान हो गया। जब महिला ने अपनी जान और सामान बचाने के लिए शोर मचाने और विरोध करने की कोशिश की, तो लुटेरों ने उसे चलती ऑटो से बाहर की तरफ एक जोरदार धक्का दे दिया। महिला सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आरोपी अपने ऑटो समेत पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाल रही पुलिस
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लुटे गए पर्स में ₹1200 की नकदी और कुछ अन्य बेहद जरूरी कागजात व दस्तावेज मौजूद थे। राहगीरों की मदद से घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिलवाया गया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई। इस लूट की वारदात के बाद थाना दरेसी पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने मुदइया के बयानों के आधार पर अज्ञात ऑटो चालक और उसके साथी के खिलाफ झपटमारी, चोट पहुंचाने और मिलीभगत से वारदात को अंजाम देने की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए ऑटो का नंबर (PB-10-CK-0145) नोट कर लिया था, जो इस केस को सुलझाने में सबसे अहम कड़ी है। पुलिस इस नंबर के जरिए ऑटो के मालिक का पता लगा रही है। इसके साथ ही समराला चौक से लेकर दौलत कॉलोनी तक के रूट पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि दोनों शातिर लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जा सके।