Edited By Kalash,Updated: 06 Jun, 2026 02:53 PM

महानगर के एटीआई (ATI) रोड पर स्थित एक ज्यूलरी शॉप में कुछ दिनों पहले दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को थाना शिमलापुरी की पुलिस ने सुलझाते हुए एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है।
लुधियाना (राज): महानगर के एटीआई (ATI) रोड पर स्थित एक ज्यूलरी शॉप में कुछ दिनों पहले दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को थाना शिमलापुरी की पुलिस ने सुलझाते हुए एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन खूंखार लुटेरों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने शॉप मालिक की लूटी हुई रिवॉल्वर, वारदात में इस्तेमाल की गई एक i20 कार और एक एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान इंदर सिंह, सार्दुल सिंह और गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। इन तीनों शातिर बदमाशों ने मिलकर ज्यूलरी शॉप को निशाना बनाया था और हथियार के बल पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद से ही पुलिस की विशेष टीमें लुटेरों की तलाश में लगातार जाल बिछा रही थीं।
थाना शिमलापुरी के एसएचओ (SHO) इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस ब्लाइंड केस को हल करने में इलाके में लगी 'तीसरी आंख' यानी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों ने बेहद अहम भूमिका निभाई। वारदात के बाद पुलिस ने घटना स्थल और उसके आसपास के तमाम रूटों के सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज में मिले संदिग्ध वाहनों के सुराग और हुलिए के आधार पर पुलिस की टीम लुटेरों के गुप्त ठिकानों तक पहुंचने में कामयाब रही और तीनों को दबोच लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए तीनों आरोपी इस समय पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि पकड़े गए आरोपी पेशेवर अपराधी हो सकते हैं और रिमांड के दौरान इनसे पूछताछ में लूट की कई अन्य वारदातों के सनसनीखेज खुलासे होने की पूरी उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पूरे क्रिमिनल रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here