Edited By Vatika,Updated: 30 May, 2026 10:28 AM

महानगर के थाना डाबा के अंतर्गत आते इलाके में गैस एजेंसी के कारिंदों से लूटपाट और चोरी का एक सनसनीखेज
लुधियाना (राज): महानगर के थाना डाबा के अंतर्गत आते इलाके में गैस एजेंसी के कारिंदों से लूटपाट और चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां घात लगाकर बैठे शातिर बदमाशों ने एक गैस डिलीवरी मैन को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले तो थ्री-व्हीलर से गैस सिलेंडर चोरी किया और जब इतने से भी मन नहीं भरा, तो दोबारा आकर डिलीवरी मैन से नकदी और सिलेंडर छीनने की वारदात को अंजाम दे डाला। शोर मचाने पर आरोपी सिलेंडर छोड़ कर फरार हो गए।
गैस सिलेंडर चोरी कर हुए रफूचक्कर
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता जतिंदर कुमार ने बताया कि वह शिमलापुरी के मैढ़ की चक्की, बच्चन गैस एजेंसी के पास नौकरी करता है। बीते 16 मई को उनकी गैस एजेंसी का डिलीवरी मैन मनोज कुमार इलाके में सप्लाई देने गया हुआ था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने मौका पाकर मनोज कुमार के थ्री-व्हीलर में से एक गैस सिलेंडर चोरी कर लिया और रफूचक्कर हो गए। हौसले इतने बुलंद थे कि इस वारदात के कुछ ही दिनों बाद 29 मई को डिलीवरी मैन मनोज कुमार जब बापू मार्केट के पास खड़ा था, तभी प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अन्य बिना पगड़ी वाले युवक वहां पहुंचे।
आरोपियों ने आते ही मनोज कुमार को हथियारों के बल पर डराया-धमकाया और उससे 650 रुपए की नकदी और गैस सिलेंडर जबरन छीन लिया। बदमाशों को भागता देख मनोज कुमार ने बिना डरे शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जैसे ही आस-पास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो पकड़े जाने के डर से घबराए आरोपी छीना हुआ गैस सिलेंडर वहीं मौके पर फेंक कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर हवा की तरह फरार हो गए। जब एजेंसी के कर्मचारियों ने अपने स्तर पर इस चोरी की तलाश और छानबीन शुरू की, तो पुख्ता तौर पर पता चला कि इस वारदात को गुरपिंदर सिंह और रिंकू नाम के दो शातिर बदमाशों ने अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि जगह-जगह नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन बदमाशों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।