ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप में लगी भीषण आग, धमाकों की आवाज से दहला इलाका

Edited By Kamini,Updated: 26 May, 2026 07:12 PM

massive fire breaks out at transformer repair workshop

पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) द्वारा दोराहा के दक्षिणी बाईपास पर सरहिंद नहर किनारे स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप में मंगलवार बाद दोपहर अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

दोराहा (विनायक) : पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) द्वारा दोराहा के दक्षिणी बाईपास पर सरहिंद नहर किनारे स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप में मंगलवार बाद दोपहर अचानक भीषण आग लग जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए, जो कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहे थे। आग की तेज लपटों के कारण लोगों में दहशत का माहौल बन गया और पूरा इलाका धमाकों की आवाजों से दहल उठा।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार यह वर्कशॉप खराब और फेल हो चुके वितरण ट्रांसफार्मरों की मरम्मत और सेवा के लिए केंद्रीय हब के रूप में कार्य करती है। आग ने वर्कशॉप में पड़े हजारों खराब और मरम्मत के लिए रखे ट्रांसफार्मरों, तेल के ड्रमों और हाई वोल्टेज केबलों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रांसफार्मरों और तेल के ड्रमों में लगातार जोरदार धमाकों जैसी आवाजें आती रहीं, जिससे आसपास के इलाकों के लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।

उल्लेखनीय है कि इसी वर्कशॉप के निकट बिजली विभाग के कार्यालय, एक्सियन कार्यालय और बिजली ग्रिड भी स्थित हैं, जिसके कारण स्थिति और भी गंभीर बन गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग संभवतः बोर्ड की बाउंड्री के बाहर किसी व्यक्ति द्वारा लगाई गई थी, जो भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण फैलते हुए वर्कशॉप के अंदर तक पहुंच गई। आग लगने के कारण दोराहा शहर समेत इलाके के दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई प्रभावित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की ओर से दावा किया गया है कि आग पर काबू पाने के बाद बिजली सप्लाई को पुनः बहाल कर दिया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के दोराहा मंडल के एक्सियन इंजीनियर जतिंदर सिंह और दोराहा शहरी के एस.डी.ओ. तुरंत मौके पर पहुंचे तथा उच्च अधिकारियों, दोराहा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों और बिजली विभाग की टीमों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास जारी रखे। पावरकॉम के एक्सियन इंजीनियर जतिंदर सिंह ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आग नजदीकी बिजली ग्रिड तक भी पहुंच सकती थी, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि फिलहाल विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!