Edited By Kalash,Updated: 25 May, 2026 11:50 AM

जिले में बिना मंजूरी के धड़ल्ले से अवैध और अनधिकृत निर्माण करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों और कॉलोनाइजर्स के खिलाफ ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है।
लुधियाना (राज): जिले में बिना मंजूरी के धड़ल्ले से अवैध और अनधिकृत निर्माण करने वाले प्रॉपर्टी डीलरों और कॉलोनाइजर्स के खिलाफ ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GLADA) ने अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। गलाडा के मुख्य प्रशासक ओजस्वी अलंकार के सख्त निर्देशों के बाद अथॉरिटी की टीमों ने भारी पुलिस बल को साथ लेकर अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 5 अनधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया। इसके साथ ही 12 अन्य अवैध व्यावसायिक और आवासीय इमारतों के खिलाफ भी बड़ा एक्शन लिया गया है, जिससे अवैध कॉलोनियां काटने वालों के हौसले पस्त हो गए हैं।
गलाडा द्वारा छेड़े गए इस बड़े अभियान के तहत डेहलों, जसपाल बांगड़ और उच्ची मंगली में धड़ल्ले से काटी जा रही 5 अनधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उनके बुनियादी ढांचे, सड़कों और बाउंड्री वॉल को मिट्टी में मिला दिया गया। इसके अलावा मराडो चौकी के पास, टिब्बा रोड पर संघू पैलेस के नजदीक, भैरोमूना, गिल्ल, जंडियाली, जसपाल बांगड़ और कोहाड़ा सहित कई ऐसे वीआईपी और बाहरी क्षेत्रों में कार्रवाई की गई, जहां बिना किसी मंजूरी के 12 इमारतें और अन्य अवैध निर्माण किए जा रहे थे। गलाडा ने इन सभी अवैध रूप से खड़ी की गई इमारतों को भी जमींदोज कर दिया है।
गलाडा की यह कार्रवाई सिर्फ यहीं नहीं थमी, बल्कि अथॉरिटी ने शहर से सटे ग्रामीण इलाकों जैसे चूरपुर, दाद, कांजिया, माणेकवाल और थरीके में चल रही 20 और अनधिकृत कॉलोनियों की निशानदेही की है। इन सभी कॉलोनियों की मुकम्मल रिपोर्ट तैयार करके संबंधित तहसीलदारों को भेज दी गई है, ताकि इन अवैध प्रोजेक्ट्स के खिलाफ आगे की राजस्व और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके और इनकी रजिस्ट्री पर रोक लगाई जा सके।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद गलाडा के अतिरिक्त मुख्य प्रशासक विकास हीरा ने आम जनता को सचेत करते हुए एक अहम अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि लोग अनधिकृत और अवैध कॉलोनियों में प्लॉट, दुकानें या इमारतें खरीदने की गलती बिल्कुल न करें। उन्होंने निवासियों को सलाह दी कि वे प्रॉपर्टी में अपनी खून-पसीने की गाढ़ी कमाई का निवेश करने से पहले गलाडा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर कॉलोनियों और प्रोजेक्ट्स की मंजूरी के स्टेटस की अच्छी तरह से जांच जरूर कर लें। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ यह मुहिम इसी तरह बेहद आक्रामक रूप से जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here