Edited By Subhash Kapoor,Updated: 24 May, 2026 09:23 PM

पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राज्य में करीब 37 लाख वोटर रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की गलतियां पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से...
पंजाब डैस्क : पंजाब में विधानसभा चुनावों से पहले वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राज्य में करीब 37 लाख वोटर रिकॉर्ड में विभिन्न प्रकार की गलतियां पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से पहले चल रही प्री-SIR जांच में अब तक लगभग 1.80 करोड़ वोटरों के डेटा की समीक्षा की जा चुकी है, जिसमें 37 लाख वोटर संदिग्ध कैटागिरी में पाए गए हैं। इस दौरान सामने आया है कि हर पांच में से एक वोटर के रिकॉर्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या अन्य विवरणों में त्रुटियां मौजूद हैं।
चुनाव आयोग द्वारा की जा रही इस प्रक्रिया का उद्देश्य वोटर लिस्ट को अपडेट करना है, जिसमें नए योग्य वोटरों को जोड़ा जाता है और मृत या स्थानांतरित हो चुके नामों को हटाया जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, सॉफ्टवेयर पुराने 2003 के वोटर रिकॉर्ड से डेटा मिलान कर रहा है, जिससे कई एंट्री ‘संदिग्ध कैटेगरी’ में आ रही हैं। खासकर अमृतसर, मोहाली, जालंधर, लुधियाना और पटियाला जिलों में सबसे ज्यादा गड़बड़ियां सामने आई हैं। कुछ मामलों में तो माता-पिता और बच्चों की उम्र के बीच मात्र 15 साल का अंतर भी पाया गया है, जिससे डेटा की सटीकता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चुनाव आयोग की टीमें अब घर-घर जाकर इन रिकॉर्ड्स की जांच कर रही हैं और गलतियों को सुधारने की प्रक्रिया जारी है।