Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 May, 2026 05:43 PM

दोराहा जी.टी. रोड से लगती लिंक रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कोल्ड ड्रिंक से लदे एक चलते ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में ट्रक के पिछले टायरों और बॉडी को अपनी चपेट में ले लिया तथा दूर से ही आग की...
दोराहा (विनायक): दोराहा जी.टी. रोड से लगती लिंक रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब कोल्ड ड्रिंक से लदे एक चलते ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में ट्रक के पिछले टायरों और बॉडी को अपनी चपेट में ले लिया तथा दूर से ही आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे।
मिली जानकारी अनुसार यह ट्रक कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चलते ट्रक के पिछले टायरों में अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोका और अपनी जान बचाने के लिए वाहन से बाहर निकल आया।
घटना दौरान सड़क पर आवाजाही कर रहे लोगों में दहशत का माहौल बन गया। ट्रक में से निकल रही आग की लपटें कई फुट ऊंचाई तक दिखाई दीं, जबकि गाढ़े काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों द्वारा तुरंत आग लगने की सूचना संबंधित विभागों को दी गई।
हालांकि इस घटना में किसी जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली, लेकिन ट्रक को भारी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आग लगने के कारणों के बारे में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई, लेकिन माना जा रहा है कि टायरों में तकनीकी खराबी या अधिक गर्मी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। उधर, दोराहा पुलिस से संपर्क करने पर उन्होंने इस घटना संबंधी किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है।