Edited By Kalash,Updated: 11 Oct, 2026 03:58 PM

महानगर के विधानसभा हलका लुधियाना (ईस्ट) की आधिकारिक मतदाता सूची में निर्वाचन विभाग की घोर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है।
लुधियाना (राज): महानगर के विधानसभा हलका लुधियाना (ईस्ट) की आधिकारिक मतदाता सूची में निर्वाचन विभाग की घोर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है। हलके के एक मतदान केंद्र की मतदाता सूची में एक सामान्य मतदाता के नाम के सामने देश के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की तस्वीर मिली है। इस बड़ी प्रशासनिक चूक के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के प्रधान संजय तलवाड़ ने चुनाव अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पूरे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों की विस्तृत व निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सीरियल नंबर 422 पर अमन कुमार के नाम के आगे भगत सिंह की तस्वीर
सामने आए आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, यह मामला लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते बूथ नंबर-38 की मतदाता सूची से जुड़ा है। बूथ की वोटर लिस्ट के सीरियल नंबर-422 पर अमन कुमार नामक मतदाता का नाम दर्ज है। हैरान करने वाली बात यह है कि अमन कुमार की वास्तविक तस्वीर की जगह वहां शहीद भगत सिंह की सुप्रसिद्ध तस्वीर लगी हुई है। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावों के बीच इस तरह की त्रुटि उजागर होना अधिकारियों की लापरवाही पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है।
एक ही बूथ पर 8 अन्य गलतियां, सभी 235 बूथों की जांच की मांग : संजय तलवाड़
मामले को उजागर करते हुए पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस प्रधान संजय तलवाड़ ने दावा किया कि लापरवाही केवल एक नाम तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि बूथ नंबर-38 पर ही कम से कम 8 अन्य सीरियल नंबरों पर मतदाताओं की तस्वीरें गलत और संदिग्ध पाई गई हैं। तलवाड़ ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब और स्थानीय चुनाव प्रशासन से मांग की है कि लुधियाना ईस्ट हलके के सभी 235 पोलिंग बूथों की मतदाता सूचियों की उच्चस्तरीय व पारदर्शी जांच करवाई जाए। उन्होंने कहा कि सूचियों में मौजूद सभी गलत फोटो और गलतियों को तत्काल ठीक किया जाए तथा जांच के निष्कर्षों को सार्वजनिक किया जाए ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
ई.आर.ओ. से मांगी जाएगी रिपोर्ट, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई : डी.सी. हिमांशु जैन
मतदाता सूची में शहीद भगत सिंह की तस्वीर सामने आने के इस संवेदनशील मामले पर प्रशासनिक अमला भी हरकत में आ गया है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि यह विषय उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस संबंध में संबंधित इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ईआरओ) से विस्तृत रिपोर्ट तलब करेंगे। डीसी ने भरोसा दिलाया कि मामले की पूरी पड़ताल के बाद नियमों के अनुसार आवश्यक सुधारात्मक व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here