Edited By Subhash Kapoor,Updated: 25 May, 2026 11:12 PM

अमृतसर के अंदरून महां सिंह गेट स्थित एक होटल में एक युवक द्वारा महिला की इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाने और उसकी अश्लील वीडियो बनाकर जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है।
अमृतसर (जशन) : अमृतसर के अंदरून महां सिंह गेट स्थित एक होटल में एक युवक द्वारा महिला की इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाने और उसकी अश्लील वीडियो बनाकर जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। थाना बी-डिवीजन की पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव दोनोवाल (जालंधर) निवासी पीड़िता ने बताया कि वह तलाकशुदा है और उसका एक 3 वर्षीय बच्चा है। पीड़िता के अनुसार वह 21 मई को कपूरथला निवासी अपनी सहेली के साथ श्री दरबार साहिब माथा टेकने आई थी। यहां उसके मुंहबोले भाई साहिल ने उन्हें महां सिंह गेट स्थित एक होटल में ठहराया था।
रात के समय जब साहिल उन्हें खाना देने आया, तभी वहां आजाद सिंह पुत्र गुरविंदर सिंह निवासी गांव तरसिक्का, अमृतसर भी पहुंच गया, जिसके साथ उसके पिछले अढ़ाई वर्षों से संबंध थे। आजाद सिंह ने कमरे में आते ही झगड़ा शुरू कर दिया और साहिल तथा उसकी सहेली के सामने ही जबरन उसके कपड़े उतार दिए। जब साहिल और उसकी सहेली ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने साहिल को भी उकसाने की कोशिश की, लेकिन साहिल उसे अपनी बहन बताते हुए वहां से चला गया।
इसके बाद आरोपी आजाद सिंह ने उसकी सहेली के सामने ही उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आशंका जताई कि आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड की है। तड़के करीब 4:30 बजे होटल से जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो वह उसके बच्चे और परिवार को जान से मार देगा। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी आजाद सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।