Edited By Kalash,Updated: 26 May, 2026 10:45 AM

महानगर के फिरोजपुर रोड पर पाम कोर्ट के नजदीक स्थित 'गणपति टिंबर ट्रेडर्स' के गोदाम में आज सुबह अचानक भीषण आग भड़क उठी।
लुधियाना (राज): महानगर के फिरोजपुर रोड पर पाम कोर्ट के नजदीक स्थित 'गणपति टिंबर ट्रेडर्स' के गोदाम में आज सुबह अचानक भीषण आग भड़क उठी। गोदाम के भीतर भारी मात्रा में सूखी लकड़ी और प्लाईवुड का स्टॉक होने के कारण आग ने देखते ही देखते बेहद विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी गगनचुंबी थीं कि दूर-दूर से आसमान में काले धुएं का खौफनाक गुबार साफ देखा जा सकता था। इस मंजर को देखकर आसपास के दुकानदारों, रिहायशी इलाके के लोगों और राहगीरों में पूरी तरह से दहशत फैल गई, जिसके बाद तुरंत मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत एक्शन मोड में आ गईं। फायर ऑफिसर राजिंदर ने बताया कि उन्हें सुबह कंट्रोल रूम से गणपति टिंबर के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना एक पल की देरी किए दमकल की गाड़ियों को तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
फिलहाल फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर मुस्तैदी के साथ आग बुझाने के ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। दमकल अधिकारियों के मुताबिक गोदाम के अंदर इमारती लकड़ी, प्लाईवुड, विनियर और बोर्ड्स का भारी स्टॉक मौजूद था, जो बहुत तेजी से आग पकड़ता है। इसी ज्वलनशील सामान के कारण लपटें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
राहत की बात यह है कि इस भयानक अग्निकांड में अभी तक किसी तरह के जानी नुकसान या किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। हालांकि, गोदाम के भीतर रखा लाखों रुपये का माल जलकर स्वाहा होने का अंदेशा है। प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंच चुकी हैं, जो भीड़ को नियंत्रित करने और दमकल कर्मियों के राहत कार्य में पूरा सहयोग दे रही हैं। आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा और शॉर्ट सर्किट समेत अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here