लुधियाना में मोमोज खाने को लेकर हुआ विवाद, युवक पर जानलेवा हमला

Edited By Kalash,Updated: 19 May, 2026 11:16 AM

attack on man in ludhiana

लुधियाना के हैबोवाल इलाके में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब सड़क किनारे मोमोज खाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी झड़प में बदल गई।

लुधियाना (गणेश/सचिन): लुधियाना के हैबोवाल इलाके में मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब सड़क किनारे मोमोज खाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी झड़प में बदल गई। घटना के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय रोहित पुत्र दलीप कुमार निवासी नेता जी पार्क के रूप में हुई है। 

जानकारी के अनुसार आरोपी ने रोहित पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। पीड़ित रोहित ने बताया कि उसका 14 वर्षीय छोटा भाई इलाके में लगी एक फास्ट फूड रेहड़ी पर मोमोज खाने गया था। वह सड़क किनारे खड़ा होकर खाना खा रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने सड़क पर खड़े होने को लेकर उसके भाई को गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।

घटना से घबराया किशोर रोते हुए घर पहुंचा और उसने अपने भाई रोहित को पूरी जानकारी दी। भाई के साथ हुई मारपीट की सूचना मिलते ही रोहित मौके पर पहुंचा, जहां आरोपी के साथ उसकी बहसबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने जेब से चाकू निकाल लिया और रोहित पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदार और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों को लेकर बढ़ रही हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!