Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 May, 2026 07:40 PM

होशियारपुर का एक युवक, जोकि हाल ही में विदेश से परिवार संग पंजाब लौटा था, की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक अपनी पत्नी व बच्चों को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने गया था, जहां से उसे किडनैप कर लिया गया था।
होशियारपुर : होशियारपुर का एक युवक, जोकि हाल ही में विदेश से परिवार संग पंजाब लौटा था, की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक अपनी पत्नी व बच्चों को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने गया था, जहां से उसे किडनैप कर लिया गया था। हत्या के बाद उसकी लाश हरियाणा के करनाल से बरामद हुई है। युवक की पहचान पंजाब के गांव सांदरा निवासी मानव (33) के रूप में हुई है। वहीं युवक की हत्या की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक अपनी पत्नी व बच्चों संग मलेशिया में रहता था और कुछ महीने पहले ही पंजाब आया था। 14 मई की रात वह परिवार के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, जहां उसने पत्नी और बच्चों को फ्लाइट के लिए छोड़ दिया और खुद बाद में आने की बात कही। मौत की खबर सुनते ही मंगलवार को मलेशिया से उसकी पत्नी और दोनों बेटे करनाल पहुंचे।
मृतक की पत्नी का कहना है कि मानव उसे और बच्चों को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने के दो अज्ञात लोगों के साथ बाइक पर निकला था। जिसके बाद वह लापता हो गया और अब उसकी लाश करनाल के पास झाड़ियों से बरामद हुई है। पत्नी का कहना है कि 15 मई की रात 11:50 बजे तक मानव की अपनी पत्नी से आखिरी फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन वह लापता बताया गया और 16 मई की सुबह करनाल में उसका शव बरामद हुआ। फिलहाल मामले की जांच दिल्ली पुलिस को सौंप दी गई है, जबकि हत्या के पीछे की साजिश और किडनैपिंग की कड़ी अभी भी रहस्य बनी हुई है।
वहीं घटना बारे जानकारी देते डीएसपी करनाल मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उक्त युवक की किडनैपिंग दिल्ली के महीपालपुर रोड से हुई थी और शव को करनाल में लाकर फेंका गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शव का पोस्टमार्टम करनाल पुलिस द्वारा करवाया जाएगा, जबकि मामले की जांच दिल्ली पुलिस करेगी।
