लुधियाना के पॉश इलाके में सनसनी ! खाली प्लॉट में मिला युवक का शव, जांच जारी

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 May, 2026 08:02 PM

sensation in ludhiana s posh locality youth s body found in vacant plot

शहर के पॉश इलाके मॉडल टाऊन में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट के भीतर बने कमरे से एक युवक का संदिग्ध शव बरामद हुआ। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक व्यक्ति प्लॉट में पड़ा सामान उठाने के लिए अंदर गया और वहां युवक की लाश देख उसके...

लुधियाना (राज): शहर के पॉश इलाके मॉडल टाऊन में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट के भीतर बने कमरे से एक युवक का संदिग्ध शव बरामद हुआ। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक व्यक्ति प्लॉट में पड़ा सामान उठाने के लिए अंदर गया और वहां युवक की लाश देख उसके होश उड़ गए। मृतक की पहचान शहीद भगत सिंह नगर निवासी गौरव उर्फ सुभाष (27) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है, हालांकि पुलिस अभी अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह जब प्लॉट में सामान उठाने आए व्यक्ति ने शोर मचाया, तो आस-पास के लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और तुरंत थाना मॉडल टाऊन की पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुखपाल राम ने बताया कि शव कमरे के अंदर पड़ा था। पुलिस ने तुरंत इलाके को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और मृतक के परिजनों का पता लगाकर उन्हें सूचित किया।

पुलिस के अनुसार, मौके से फिलहाल कोई ऐसी आपत्तिजनक वस्तु या नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है, जिससे सीधे तौर पर नशे की पुष्टि हो सके, लेकिन युवक की कम उम्र और संदिग्ध हालात को देखते हुए ओवरडोज की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह रविवार रात घर से कब निकला था और मॉडल टाऊन के इस खाली प्लॉट तक कैसे पहुंचा।

 

इसी तरह के एक अन्य मामले में जनकपुरी इलाके की गली नंबर-11 सोमवार की सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई जब एक घर के बाहर गली में 48 व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हरिंदर (48) के रूप में हुई है, जो पेशे से प्लंबर था। जोकि संदिग्ध हालातों में छत से नीचे गिर गया था। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस और जनकपुरी चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

जानकारी के मुताबिक, हरिंदर इलाके के ही एक वेहड़े में खराब पड़ी पानी की मोटर ठीक करने के लिए आया था। वेहड़ा निवासी मदन ने बताया कि हरिंदर नशे की हालत में था और मोटर ठीक करने के बाद बिना किसी को बताए रात के समय वहीं रुक गया। आशंका जताई जा रही है कि देर रात वह संतुलन बिगड़ने के कारण करीब 60 फीट की ऊंचाई यानी दूसरी मंजिल की छत से सीधा गली में जा गिरा। सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकले, तो गली में हरिंदर का शव देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।  

थाना डिवीजन नंबर-2 के एसएचओ (SHO) जसबीर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि गिरने से पहले हरिंदर के साथ क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि मौत की गुत्थी को सुलझाया जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!