Edited By Vatika,Updated: 12 May, 2026 09:18 AM

मिलावटखोरों के खिलाफ जंग छेड़ते हुए लुधियाना के फूड सेफ्टी विभाग ने सोमवार को शहर के
लुधियाना(राज): मिलावटखोरों के खिलाफ जंग छेड़ते हुए लुधियाना के फूड सेफ्टी विभाग ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जोरदार दस्तक दी। सेहत विभाग की इस स्पेशल मुहिम के तहत दूध से बने उत्पादों, खासकर पनीर की गुणवत्ता को जांचने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
फैक्ट्रियों से कुल 10 सैंपल किए इकट्ठे
इस दौरान टीम ने पखोवाल रोड, फूलांवाला, ललतों और गिल जैसे संवेदनशील इलाकों में स्थित डेयरियों और पनीर बनाने वाली फैक्ट्रियों से कुल 10 सैंपल एकत्र किए। जांच के दौरान अधिकारियों ने न केवल उत्पादों के सैंपल लिए, बल्कि वहां की सफाई व्यवस्था और फूड सेफ्टी मानकों की भी बारीकी से पड़ताल की। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष चावला ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि दूध और पनीर आम आदमी की रसोई का अनिवार्य हिस्सा हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी इकाई को बख्शा नहीं जाएगा।
दोषियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा
डॉ. चावला के अनुसार, विभाग की प्राथमिकता लोगों तक शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि एकत्र किए गए सभी सैंपलों को तुरंत सरकारी लैबोरेटरी में जांच के लिए भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होते ही 'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट' के कड़े नियमों के तहत दोषियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। विभाग ने साफ कर दिया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान थमने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में अन्य इलाकों में भी ऐसी ही कड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।