Edited By Vatika,Updated: 30 Apr, 2026 03:06 PM

साहनेवाल एयरपोर्ट के नजदीक रेलवे लाइनों पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां एक व्यक्ति
लुधियाना(राज): साहनेवाल एयरपोर्ट के नजदीक रेलवे लाइनों पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां एक व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, जिससे उसकी शिनाख्त करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था। हालांकि, गहन तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसने मृतक कि पहचान हो गई है।
मृतक की पहचान गुड्डु कुमार के रूप में हुई
जांच अधिकारी एएसआई तेजिंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान 31 वर्षीय गुड्डु कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के जिला सिवान का रहने वाला था। गुड्डु अविवाहित था और काफी समय से लुधियाना में रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद मातम में डूबा परिवार लुधियाना पहुंच गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मामले में फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की ली जा रही मदद
यह मामला महज एक हादसा है, आत्महत्या है या फिर किसी सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या, पुलिस इन सभी पहलुओं पर बारीकी से तफ्तीश कर रही है। शव की हालत को देखते हुए मामले में फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद भी ली जा रही है ताकि मौत के असल कारणों और समय का सटीक पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और उसके आधार पर ही अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।