Edited By Kalash,Updated: 22 Apr, 2026 05:03 PM

सैंट्रल बोर्ड ऑफ़ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) की 10वीं की मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद उन छात्रों के लिए राहत भरी खबर है
लुधियाना (विक्की): सैंट्रल बोर्ड ऑफ़ सैकेंडरी एजुकेशन (सी.बी.एस.ई.) की 10वीं की मुख्य परीक्षा के परिणाम के बाद उन छात्रों के लिए राहत भरी खबर है, जो किसी कारणवश एक या 2 विषयों में सफल नहीं हो पाए हैं। बोर्ड ने सप्लीमैंट्री परीक्षा की तैयारियां तेज करते हुए स्कूलों को कंपार्टमैंट और परीक्षा सुधार से जुड़े नए नियमों की जानकारी दी है। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन छात्रों को मिलेगा जिनकी कंपार्टमैंट आई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ऐसे छात्रों को परीक्षा पास करने के लिए अब एक नहीं, बल्कि पूरे 3 अवसर दिए जाएंगे। पहला अवसर मई 2026 में होने वाली दूसरी मुख्य परीक्षा में मिलेगा। यदि कोई छात्र इसमें सफल नहीं हो पाता है, तो उसे अगले सत्र यानी साल 2027 में फरवरी और फिर मई में 2 और मौके दिए जाएंगे। हालांकि, इन तीनों प्रयासों के बाद भी सफल न होने पर छात्र को फेल माना जाएगा और उसे अगले साल सभी विषयों की परीक्षा नए सिरे से देनी होगी।
अतिरिक्त विषयों पर पाबंदी और हाजिरी की शर्त
बोर्ड ने नियमों में एक बड़ा बदलाव करते हुए 10वीं पास करने के बाद अतिरिक्त विषयों के साथ परीक्षा में बैठने की सुविधा को पूरी तरह खत्म कर दिया है। इसके अलावा, स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि दूसरी परीक्षा में केवल वही छात्र बैठ सकते हैं जो पहली मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे। यदि कोई छात्र पहली परीक्षा में अनुपस्थित रहा है, तो वह दूसरी परीक्षा में बैठकर अपना स्कोर सुधारने का दावा नहीं कर सकता।
री-इवैल्यूएशन और वैरिफिकेशन की सुविधा रहेगी जारी
छात्रों की सुविधा के लिए अंकों के वैरिफिकेशन, फोटोकॉपी प्राप्त करने और री-इवैल्यूएशन (री-इवैल्यूएशन) की ऑनलाइन सुविधाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी। दूसरी परीक्षा का परिणाम आने के तुरंत बाद यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी ताकि छात्र रिवाइज्ड रिजल्ट का उपयोग 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए कर सकें। सी.बी.एस.ई. का यह कदम छात्रों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के लिए उठाया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here