लुधियाना में लड़कियों के गायब होने के मामले में पुलिस ने तोड़ी चुप्पी, किया हैरानीजनक खुलासा

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Jun, 2026 05:28 PM

police statement on the missing girls case in ludhiana

महानगर में पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कई युवा लड़कियों के अचानक गायब होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें गर्म हैं। इन खबरों से आम जनता में पैदा हो रहे डर और चिंता को देखते हुए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने स्थिति साफ...

लुधियाना,  (राज): महानगर में पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कई युवा लड़कियों के अचानक गायब होने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें गर्म हैं। इन खबरों से आम जनता में पैदा हो रहे डर और चिंता को देखते हुए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने स्थिति साफ की है। पुलिस ने इन मामलों से जुड़े असल तथ्यों को सामने रखते हुए जनता से अपील की है कि वे बिना जांच-परख के किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर न करें।

पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के अनुसार, हाल के दिनों में लुधियाना के अलग-अलग थानों में 13 लड़कियों के लापता होने के संबंध में कुल 11 एफआईआर (FIR) दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा अब तक की गई गहन जांच में यह बात साफ हो गई है कि लापता रिपोर्ट की गई इन लड़कियों में से किसी को भी किसी व्यक्ति या संगठित गिरोह द्वारा अगवा (किडनैप) नहीं किया गया है। शुरुआती जांच और पूछताछ से पता चला है कि ये सभी लड़कियां अपने व्यक्तिगत, पारिवारिक या कुछ निजी कारणों की वजह से खुद अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थीं।

लापता लोगों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें दिन-रात पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं। पुलिस के इन लगातार प्रयासों के चलते 13 में से 04 लड़कियों को पहले ही सकुशल ढूंढ निकाला गया है और उन्हें उनके परिवारों से मिला दिया गया है। विशेष रूप से, थाना जमालपुर से संबंधित एक मामले में तीन लापता लड़कियों को उत्तर प्रदेश (UP) में उनके पैतृक गांव से बरामद किया गया है। ये लड़कियां भी पारिवारिक कारणों के चलते खुद घर से चली गई थीं। बाकी बची लड़कियों की तलाश के लिए पुलिस टेक्निकल सर्विलांस, फील्ड इन्वेस्टिगेशन और अन्य संबंधित एजेंसियों की मदद से लगातार छापेमारी कर रही है।

किडनैपिंग रैकेट जैसी कोई बात नहीं, जांच अभी भी जारी :
पुलिस कमिश्नर की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में इन घटनाओं के पीछे किसी भी तरह के संगठित किडनैपिंग रैकेट (अपहरण गिरोह) या किसी आपराधिक साजिश का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके बावजूद, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए चल रही तफ्तीश में हर पहलू और हर एंगल को बारीकी से खंगाल रही है। पुलिस कमिश्नरेट ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि वे सभी नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पुलिस की समर्पित टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं और उम्मीद है कि बाकी बची लापता लड़कियों को भी जल्द ही ढूंढकर उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!