Punjab में गरमाई सियासत, SC कमीशन ने रवनीत बिट्टू, प्रताप बाजवा और राजा वड़िंग को भेजा नोटिस

Edited By Sunita sarangal,Updated: 04 Jun, 2026 03:36 PM

sc commission notice to bittu bajwa and warring

जानकारी के अनुसार आज भी मंत्री बिट्टू को तलब किया गया था लेकिन वह पेश नहीं हुए।

पंजाब डेस्क : पंजाब एस.सी. कमीशन ने केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, कांग्रेसी नेता प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को अलग-अलग मामलों में 15 जून को तलब किया है। बता दें कि तीनों नेताओं ने कई गलत और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं जिसके चलते कमीशन द्वारा उन्हें पेश होने के लिए कहा गया है।

जानकारी के अनुसार आज भी मंत्री बिट्टू को तलब किया गया था लेकिन वह पेश नहीं हुए। पेशी में पहुंचे वकीलों ने जानकारी दी कि चंडीगढ़ में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनावों में व्यस्त होने के चलते बिट्टू पेश नहीं हुए हैं। इसके अलावा प्रताप बाजवा और राजा वड़िंग को भी पहले भी कई बार पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसी के चलते तीनों नेताओं को अब एक बार फिर से 15 जून को पेश होने के लिए कहा गया है।

रवनीत बिट्टू को क्यों किया तलब

बता दें कि निकाय चुनाव के दौरान धूरी में मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की पुलिसकर्मियों के साथ बहस हो गई थी। इस दौरान मंत्री पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने पुलिसकर्मियों पर जातीगत टिप्पणी की थी। इसके बाद एस.सी. कमीशन ने मामले का संज्ञान लिया और संगरूर पुलिस से इसकी रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद संगरूर के पुलिस अधिकारी पेश हुए और उन्होंने अपना पक्ष रखा। इसके बाद कमीशन ने मंत्री रवनीत बिट्टू को भी तलब किया था लेकिन किन्हीं कारणों के चलते वह अब तक पेश नहीं हो पाए हैं। बता दें कि इस मामले में बिट्टू ने पहले ही सार्वजनिक माफी भी मांग ली है।

प्रताप बाजवा को 2 मामलों में किया तलब

वहीं कांग्रेसी नेता प्रताप बाजवा की बात करें तो उन्हें कमीशन ने 2 मामलों के चलते तलब किया है। पहले मामले में नवंबर में तरनतारन चुनावों दौरान बाबा जीवन सिंह जी (भाई जैता सिंह जी) की तस्वीर का राजनीतिक नेताओं के साथ इस्तेमाल किया गया था और दूसरे मामले में उन्होंने मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. को लेकर भी गलत भाषा का उपयोग किया था। उक्त दोनों मामले सामने आने के बाद एस.सी. कमीशन ने उन्हें तलब किया था लेकिन वह दोनों बार हाईकोर्ट चले गए। अब एक बार फिर कमीशन ने उन्हें 15 जून को इन्हीं मामलों को लेकर तलब किया है।

राजा वड़िंग ने भी की थी गलत टिप्पणियां

कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग की बात करें तो कमीशन ने उन्हें इसलिए तलब किया है क्योंकि उन्होंने देश के पूर्व गृहमंत्री बूटा सिंह को लेकर गलत टिप्पणी की थी। इसके अलावा राजा वड़िंग ने भी मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. को लेकर गलत बयान दिया था। इतना ही नहीं चुनावों दौरान राजा वड़िंग ने एस.सी. कमीशन के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी को लेकर भी गलत टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि गढ़ी का मानसिक संतुलन खराब हो गया है। इन्हीं सब बातों के चलते राजा वड़िंग को 15 जून को कमीशन के समक्ष पेश होने के नोटिस जारी किए गए हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!