Edited By Vatika,Updated: 27 Nov, 2026 01:35 PM

पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर ...
पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक लड़की और तीन महिलाओं समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, एक अर्टिगा कार में सवार परिवार श्री कीरतपुर साहिब में अपने परिजन की अस्थियां जल प्रवाहित करने के बाद जम्मू लौट रहा था। जब उनकी कार माधोपुर डिफेंस रोड टी-प्वाइंट के पास पहुंची तो सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही आई-20 कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व सड़क सुरक्षा बल (SSF) को सूचित किया। मौके पर पहुंची SSF की टीम ने राहगीरों की मदद से घायलों को कारों से बाहर निकाला और तुरंत सुजानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
घायलों की पहचान अर्टिगा कार चालक गुरप्रीत सिंह, काला सिंह, गुरप्रीत कौर, ओंकार कौर, कांता कौर और शकुंतला कौर के रूप में हुई है। सभी जम्मू के निवासी बताए जा रहे हैं। अर्टिगा कार चालक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ श्री कीरतपुर साहिब से अस्थियां जल प्रवाहित कर जम्मू लौट रहे थे। वहीं, दूसरी ओर आई-20 कार चालक राहुल ने बताया कि वह कठुआ से पठानकोट आ रहा था। हाईवे के एक तरफ जाम होने के कारण वह गलत दिशा वाली लेन में गाड़ी चला रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। SSF और पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कारों को सड़क से हटाया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।