Edited By Vatika,Updated: 27 Nov, 2026 10:03 AM

पंजाब में सिविल डिफेंस की तैयारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की क्षमता परखने के लिए 27 नवंबर यानी
चंडीगढ़/जालंधर : पंजाब में सिविल डिफेंस की तैयारियों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की क्षमता परखने के लिए 27 नवंबर यानी आज रात 8 बजे प्रदेश के सभी जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। रात 8 बजे मॉक ड्रिल की शुरुआत दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज वाले सायरन बजाकर की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पंजाब के सभी जिलों के निर्धारित इलाकों में रात 8:00 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट के लिए सांकेतिक ब्लैकआउट रहेगा। वहीं, चंडीगढ़ में यह अभ्यास शाम 7:00 बजे होगा। इस दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास भी किया जाएगा।
इस दौरान अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवाओं की बिजली सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी, जबकि निर्धारित इलाकों में लोगों के घरों की बिजली सप्लाई बंद की जाएगी।डिप्टी कमिश्नरों की ओर से निर्धारित क्षेत्रों में ब्लैकआउट करवाया जाएगा। इन इलाकों के लोगों को गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी। अभ्यास का समापन दो मिनट तक लगातार सायरन बजाकर दिए जाने वाले 'ऑल क्लियर' संकेत के साथ होगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यह एक नियमित मॉक ड्रिल है। इसलिए सायरन की आवाज सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है।