Edited By Vatika,Updated: 23 May, 2026 09:52 AM

सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। युवाओं में इसे लेकर
लुधियाना (राज): सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। युवाओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, लेकिन अब इस ट्रेंड को साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाने का नया जरिया बना लिया है। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
करीब 42 सेकंड के वीडियो में पुलिस अधिकारी ने दी जानकारी
इस संबंध में पुलिस कमिश्नरेट लुधियाना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक जागरूकता वीडियो साझा किया है। करीब 42 सेकंड के इस वीडियो में पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को फर्जी लिंक भेजकर उनके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ठग सबसे पहले वॉट्सऐप पर आकर्षक और भावनात्मक संदेश भेजते हैं, जिनमें ‘देश की पुकार’, ‘सिस्टम बदलने का समय’ और ‘युवाओं के लिए बड़ी अपॉर्चुनिटी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके साथ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ जॉइन करने के नाम पर एक लिंक भी भेजा जाता है।
लुधियाना पुलिस की लोगों से अपील
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह लिंक एक फिशिंग जाल है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद साइबर ठग मोबाइल में मौजूद नेट बैंकिंग डिटेल्स, यूपीआई जानकारी, पासवर्ड और अन्य निजी डेटा तक पहुंच बना लेते हैं। कई मामलों में ठग बैंक खातों से पैसे निकालने के साथ-साथ पीड़ित के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर फर्जी लोन तक ले लेते हैं। लुधियाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी अनजान ट्रेंड, संदेश या लिंक पर बिना जांच किए क्लिक न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक से दूरी बनाए रखें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है या गलती से ऐसे लिंक पर क्लिक कर देता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के मुताबिक समय रहते शिकायत करने पर बैंक और संबंधित एजेंसियां ठगे गए पैसों को होल्ड कर सकती हैं, जिससे रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।